भारतीय रेल की प्रीमियम वंदे भारत एक्सप्रेस के रूट में बड़ा बदलाव किया गया है। रेलवे ने गोवा के मडगांव से कर्नाटक के तटीय शहर मंगलोर के बीच चलने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस को बंद करने का फैसला लिया है। इस ट्रेन की जगह अब मडगांव से मंगलोर होते हुए कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु के यशवंतपुर तक नई वंदे भारत सेवा शुरू की जाएगी।
रेलवे बोर्ड के कोचिंग डाइरेक्टरेट से इस नए रूट को हरी झंडी मिल चुकी है। अधिकारियों के मुताबिक, मौजूदा मडगांव-मंगलोर सेंट्रल वंदे भारत एक्सप्रेस (20645/46) की सेवा समाप्त कर इसकी जगह नई ट्रेन चलाई जाएगी।
नई वंदे भारत का रूट और नंबर
मडगांव से यशवंतपुर के बीच चलने वाली इस नई प्रीमियम ट्रेन का नंबर 26655/56 होगा। यह ट्रेन गोवा के मडगांव स्टेशन से शुरू होकर कर्नाटक के मंगलोर से गुजरते हुए बेंगलुरु के यशवंतपुर जंक्शन तक पहुंचेगी।
रेलवे अधिकारियों का कहना है कि इस बदलाव से गोवा और बेंगलुरु के बीच की कनेक्टिविटी बेहतर होगी। दक्षिण भारत के इन दोनों प्रमुख शहरों के बीच सफर करने वाले यात्रियों को अब एक ही ट्रेन से सीधी सुविधा मिल सकेगी, जिससे यात्रा का समय कम होगा।
पर्यटकों और यात्रियों को मिलेगा फायदा
गोवा देश-विदेश के पर्यटकों के बीच एक प्रमुख टूरिस्ट डेस्टिनेशन है। यहां का मडगांव रेलवे स्टेशन आवागमन का एक बड़ा केंद्र माना जाता है। मंगलोर तक सीमित रहने वाली इस वंदे भारत के रूट को बेंगलुरु तक बढ़ाए जाने से आईटी सेक्टर के पेशेवरों और पर्यटकों दोनों को सीधा लाभ मिलने की उम्मीद है। हालांकि, नई ट्रेन के संचालन की तारीख और समय सारणी को लेकर रेलवे जल्द ही आधिकारिक शेड्यूल जारी करेगा।
