झुंझुनूं जिले के सूरजगढ़ थाना क्षेत्र के अगवाना खुर्द गांव में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहां एक महिला की हत्या कर उसके शव को घर में रखे संदूक में छिपाने का मामला सामने आया है। सूचना मिलने पर सूरजगढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और संदूक खोलने पर महिला का शव बरामद किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा आरोपी पति को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। सूरजगढ़ थानाधिकारी रामसिंह यादव ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि अगवाना खुर्द निवासी कृष्ण कुमार जाट के घर में एक संदूक के अंदर महिला का शव रखा हुआ है। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच के दौरान संदूक में महिला का शव मिला। प्रारंभिक जांच में शव करीब दो से तीन दिन पुराना प्रतीत हो रहा है। पुलिस के अनुसार मृतका के दोनों हाथ बंधे हुए मिले है। घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया गया तथा आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए गए हैं।प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी कृष्ण कुमार जाट की शादी वर्ष 2009 में हुई थी। पुलिस की शुरुआती जांच के अनुसार घटना से पहले पति-पत्नी के बीच शराब पीने के लिए रुपये मांगने को लेकर विवाद हुआ था। आरोप है कि पत्नी द्वारा रुपये देने से इनकार करने पर दोनों के बीच झगड़ा हुआ और इसके बाद महिला की हत्या कर शव को संदूक में छिपा दिया गया।पुलिस ने आरोपी पति को डिटेन कर लिया है और उससे गहन पूछताछ की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए सूरजगढ़ सीएचसी भिजवाया गया है, पोस्टमार्टम के बाद रिपोर्ट के आधार पर मौत के कारणों की पुष्टि होगी।थानाधिकारी रामसिंह यादव ने बताया कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, एफएसएल साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पूरे घटनाक्रम से गांव में सनसनी फैल गई है और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए।