भाजपा नेताओं द्वारा महिलाओं और बेटियों को लेकर की गई कथित आपत्तिजनक टिप्पणियों के विरोध में जिला महिला कांग्रेस ने मंगलवार को जोरदार प्रदर्शन किया। महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राजीव भवन से ईएलसी चौक तक रैली निकालकर केंद्रीय शिक्षामंत्री एवं भाजपा सांसद का पुतला दहन किया तथा उनके बयानों की कड़ी निंदा की।प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में महिला कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल रहीं। रैली के माध्यम से कार्यकर्ताओं ने भाजपा नेताओं के खिलाफ नारेबाजी करते हुए महिलाओं के सम्मान की रक्षा की मांग उठाई। ईएलसी चौक पहुंचने पर कार्यकर्ताओं ने पुतला दहन कर अपना विरोध दर्ज कराया।इस दौरान पुलिस प्रशासन द्वारा पुतला दहन रोकने का प्रयास किया गया, जिसके चलते महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई। हालांकि कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन जारी रखते हुए अपना आक्रोश व्यक्त किया।महिला कांग्रेस जिला अध्यक्ष सरला सिसोदिया श्रीवास्तव ने कहा कि भाजपा नेताओं के बयान महिलाओं और बेटियों का अपमान हैं, जिन्हें किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा कि महिला कांग्रेस महिलाओं के सम्मान और अधिकारों की रक्षा के लिए हमेशा संघर्ष करती रहेगी तथा ऐसे बयानों के खिलाफ लोकतांत्रिक तरीके से आवाज उठाती रहेगी।