सीकर। जिले के खंडेला विधानसभा क्षेत्र के केरपुरा गांव से सेना के जवान के अपहरण का सनसनीखेज मामला सामने आया है। प्रतियोगिता परीक्षा की तैयारी के लिए छुट्टी लेकर घर आए 32 वर्षीय सेना के जवान श्रीराम सिहाग के अपहरण के बाद बदमाशों ने उसकी पत्नी को फोन कर 10 लाख रुपये की फिरौती मांगी। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए नाकाबंदी कर जवान की तलाश शुरू कर दी है।
बस स्टैंड से किया अपहरण
जानकारी के अनुसार, श्रीराम सिहाग प्रतियोगिता परीक्षा की तैयारी कर रहा था और इसी सिलसिले में वह कोचिंग करने के लिए गया हुआ था। बताया जा रहा है कि मंगलवार रात करीब 8 से 9 बजे के बीच वह कोचिंग से बाइक पर सवार होकर अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान केरपुरा बस स्टैंड के पास पांच से छह बदमाश एक गाड़ी में आए और जवान को जबरन गाड़ी में डालकर अपने साथ ले गए।
घटनास्थल के पास जवान की बाइक और हेलमेट भी मिला है। अपहरण के बाद बदमाशों ने उसकी पत्नी को फोन किया और 10 लाख रुपये की फिरौती की मांग की। सूचना मिलने के बाद परिवार के लोगों ने पुलिस से संपर्क किया।
खंडेला थाने मे ंमामला दर्ज
जवान के भाई शेर सिंह ने खंडेला थाने में मामला दर्ज करवाया है। रिपोर्ट में बताया गया है कि श्रीराम का करौली के एक अन्य जवान से पैसों का लेनदेन चल रहा था। परिवार की ओर से शक के आधार पर उस जवान के खिलाफ भी मामला दर्ज करवाया गया है। हालांकि, पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और अपहरण के पीछे वास्तविक कारण क्या है, इसका खुलासा जांच के बाद ही हो सकेगा।
खंडेला थाना अधिकारी सुरेंद्र देगड़ा ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी। इसके बाद आसपास के क्षेत्रों में नाकाबंदी करवाई गई। पुलिस ने दो विशेष टीमें गठित कर जवान और संदिग्ध बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है, ताकि बदमाशों की गाड़ी और उनके आने-जाने के रास्ते का पता लगाया जा सके। पुलिस का कहना है कि मामले में सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है और जल्द ही पूरे मामले का खुलासा करने का प्रयास किया जा रहा है।
