जयपुर के अल्बर्ट हॉल पर शुक्रवार को 'विकसित भारत जन सेवा अभियान' के तहत 'स्वच्छता ही सेवा' कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं सांसद नितिन नवीन, प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने शिरकत की।
इस दौरान राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने कार्यक्रम में मौजूद आमजन को स्वच्छता की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि स्वच्छता ही सेवा है और हम सबको संकल्प लेना चाहिए कि हमेशा अपने आसपास सफाई रखेंगे तथा जितना संभव हो सके श्रमदान करेंगे।
महात्मा गांधी के विचारों को किया याद
नितिन नवीन ने अपने संबोधन में कहा कि महात्मा गांधी ने देश की आजादी के लिए केवल राजनीतिक लड़ाई नहीं लड़ी थी, बल्कि उन्होंने समाज को स्वच्छता के प्रति भी जागरूक किया था।
उन्होंने आगे कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर पूरे देश में स्वच्छता के प्रति जागरूकता काफी बढ़ी है, और इस जागरूकता को अब हमें अपने दैनिक व्यवहार का हिस्सा बनाना होगा। शपथ ग्रहण के बाद तीनों नेताओं ने अल्बर्ट हॉल परिसर में पौधारोपण भी किया।
स्वच्छता मित्रों का सम्मान
कार्यक्रम के अगले चरण में राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने सफाई कर्मचारियों से मुलाकात की।
नेताओं ने इन स्वच्छता मित्रों को दुपट्टा पहनाकर सम्मानित किया और उनके साथ बातचीत कर उनका हालचाल जाना। इस अवसर पर पार्टी के कई वरिष्ठ नेता और मंत्री भी मौजूद रहे।
कार्यक्रम में मौजूद प्रमुख नेता
इस आयोजन में प्रदेश प्रभारी संजय भाटिया, संगठन महामंत्री अजेय कुमार, उप मुख्यमंत्री दिया कुमारी, डॉ. प्रेम चन्द बैरवा और संसदीय कार्यमंत्री जोगाराम पटेल ने हिस्सा लिया।
इनके अलावा उद्योग मंत्री कर्नल राज्यवर्धन राठौड़, नगरीय विकास राज्यमंत्री झाबर सिंह खर्रा, गृह राज्यमंत्री जवाहर सिंह बेढम, सांसद मंजू शर्मा, विधायक बालमुकुंदाचार्य और मीडिया प्रभारी प्रमोद वशिष्ठ सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता और आमजन उपस्थित रहे।
