अहमदाबाद के एक पीजी हॉस्टल में शनिवार की रात एक छात्रा के साथ दुष्कर्म की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। हॉस्टल की छत पर टहल रही छात्रा को वहीं के सिक्योरिटी गार्ड ने वायर से गला दबाकर बंधक बनाया और इस घिनौने कृत्य को अंजाम दिया। गंभीर हालत में छात्रा को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है। घटना के बाद आरोपी गार्ड मौके से फरार हो गया था, जिसे पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया है।
सीसीटीवी फुटेज में कैद हुई आरोपी की बेपरवाही
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने जब हॉस्टल के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, तो हैरान कर देने वाली तस्वीरें सामने आईं। फुटेज में आरोपी गार्ड लिफ्ट के अंदर प्रवेश करते हुए दिखता है और बड़े इत्मीनान से लिफ्ट के शीशे में अपना चेहरा निहारता नजर आता है। वह बार-बार अपने बालों और मूंछों को संवारते हुए लिफ्ट से बाहर निकलता है और फिर सीढ़ियों के रास्ते छत पर पहुंचता है। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी इसी सहजता के साथ हॉस्टल की बिल्डिंग से बाहर निकल जाता है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी की पहचान उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले के रहने वाले धर्म सिंह के रूप में हुई है। पूछताछ में यह भी सामने आया है कि वह महज चार दिन पहले ही इस हॉस्टल में सिक्योरिटी गार्ड के तौर पर काम पर आया था और इससे पहले भी अहमदाबाद की कई कंपनियों में गार्ड की नौकरी कर चुका है।
मुठभेड़ के बाद गिरफ्तारी और गिड़गिड़ाता आरोपी
वारदात के बाद पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए आरोपी की तलाश शुरू की और हेबतपुर इलाके के पास उसकी घेराबंदी की। गिरफ्तारी के वक्त भागने की कोशिश कर रहे आरोपी के पैर में पुलिस की गोली लगी, जिसके बाद उसे धर दबोचा गया।
पकड़े जाने के बाद सामने आए एक अन्य वीडियो में घायल अवस्था में अस्पताल या हिरासत में दिख रहा आरोपी पुलिस के सामने हाथ जोड़कर माफी मांगते नजर आ रहा है। वीडियो में वह बार-बार यह कहते हुए सुनाई दे रहा है कि "एक बार माफ कर दो साहेब, ऐसा कभी नहीं करूंगा।" फिलहाल पुलिस पूरे मामले की कानूनी औपचारिकताएं पूरी करते हुए आगे की जांच में जुटी है।
