जयपुर के प्रदेश कार्यालय में मंगलवार को भाजपा प्रदेश स्तरीय विस्तारकों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने आगामी पंचायत चुनावों की तैयारियों और संगठन की आगामी रणनीतियों पर विस्तार से चर्चा की। इस दौरान पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारियों ने कार्यकर्ताओं और विस्तारकों को सरकारी योजनाओं को धरातल पर उतारने का निर्देश दिया।
अंत्योदय के सिद्धांत पर जोर
बैठक को संबोधित करते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि पार्टी का मूल उद्देश्य पंडित दीनदयाल उपाध्याय के अंत्योदय के सिद्धांत को साकार करना है। उन्होंने विस्तारकों को संबोधित करते हुए कहा- "पार्टी का कार्यकर्ता सरकार और संगठन की नीतियों को आमजन तक पहुंचाने के साथ समाज के अंतिम व्यक्ति को योजनाओं का लाभ दिलाने में सक्रिय भूमिका निभाता है।" राठौड़ ने विस्तारकों से अपने-अपने क्षेत्रों में पूरी सक्रियता के साथ काम करने और केंद्र व राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रचार-प्रसार करने का आह्वान किया।
गांव-ढाणी तक योजनाओं के प्रसार का निर्देश
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने बैठक में आगामी पंचायत चुनावों के मद्देनजर पार्टी कार्यकर्ताओं को स्पष्ट निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में डबल इंजन सरकार समाज के हर वर्ग के उत्थान के लिए लगातार काम कर रही है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा- "डबल इंजन सरकार ने युवाओं को रोजगार, किसानों को सम्मान निधि, महिलाओं को आर्थिक स्वावलंबन और गरीबों को आवास उपलब्ध कराने के लिए ठोस कदम उठाए हैं।" उन्होंने विस्तारकों से इन योजनाओं को गांव-गांव और ढाणी-ढाणी तक पहुंचाने की अपील की, ताकि हर पात्र नागरिक तक योजनाओं का सीधा लाभ पहुंच सके।
बैठक में प्रमुख पदाधिकारी रहे मौजूद
जयपुर स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय में हुई इस उच्च स्तरीय बैठक में सांगठनिक गतिविधियों और आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा पर भी चर्चा हुई। बैठक के दौरान संगठन महामंत्री अजेय कुमार, प्रदेश उपाध्यक्ष मुकेश दाधीच और प्रदेश महामंत्री श्रवण सिंह बगड़ी सहित कई प्रमुख पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
