बुरहानपुर शहर में पिछले कुछ दिनों से लगे रहस्यमयी नीले पोस्टरों को लेकर प्रशासन सख्त हो गया है। इन पोस्टरों पर केवल एक हथौड़े का चिन्ह और 18 जून 2026 की तारीख अंकित थी, जिससे लोगों के बीच तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई थीं। जांच में सामने आया है कि ये पोस्टर एक कोचिंग संस्थान के प्रचार-प्रसार से जुड़े हैं। मामले में पुलिस ने प्रिंटिंग प्रेस संचालक और संबंधित संस्थान के प्रतिनिधियों को तलब किया है। शहर के विभिन्न इलाकों में सड़कों, बिजली के खंभों और सार्वजनिक स्थानों पर लगाए गए रहस्यमयी पोस्टरों ने लोगों का ध्यान अपनी ओर खींचा था। पोस्टरों पर केवल एक हथौड़े का चिन्ह और 18 जून 2026 की तारीख लिखी होने से आमजन, छात्र और अभिभावकों के बीच कई तरह की अटकलें लगाई जा रही थीं। मामले की जानकारी मिलने के बाद जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन सक्रिय हुआ और जांच शुरू की गई। जांच में पता चला कि यह पोस्टर एक कोचिंग संस्थान के प्रचार अभियान का हिस्सा हैं, जिन्हें शहर की एक प्रिंटिंग प्रेस में छापा गया था। प्रशासन ने भ्रामक पोस्टरों और होर्डिंग्स को शहरभर से हटवा दिया है। वहीं पुलिस ने प्रिंटिंग प्रेस संचालक और संबंधित संस्थान के प्रतिनिधियों को पूछताछ के लिए तलब किया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टरों में केवल प्रतीक चिन्ह का उपयोग क्यों किया गया और इसके पीछे क्या उद्देश्य था, इसकी जांच की जा रही है। यदि नियमों का उल्लंघन पाया जाता है तो संबंधित लोगों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
