ब्यावर नगर निकाय चुनाव के तहत सभापति पद के लिए बुधवार दोपहर 2 बजे नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद मुकाबले की तस्वीर साफ हो गई है। भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस दोनों प्रमुख दलों ने अपने-अपने उम्मीदवारों के पर्चे दाखिल कर दिए हैं।
भाजपा ने वार्ड संख्या 27 से निर्वाचित पार्षद पुष्पा बल्दुआ को मैदान में उतारा है, जबकि कांग्रेस की ओर से वार्ड संख्या 55 के पार्षद कैलाश गहलोत ने नामांकन पत्र दाखिल किया है।
दिग्गजों की मौजूदगी में दाखिल हुए पर्चे
नामांकन दाखिल करने के दौरान दोनों ही राजनीतिक दलों के स्थानीय नेता और पदाधिकारी बड़ी संख्या में मौजूद रहे। भाजपा प्रत्याशी पुष्पा बल्दुआ निर्वाचन कार्यालय पहुंचीं, जहां उनके साथ चुनाव पर्यवेक्षक सरिता गैना भी थीं।
पर्चा दाखिल करने के समय विधायक शंकरसिंह रावत, एडवोकेट टीकमसिंह रावत, पार्षद गोपालसिंह रावत, पूर्व उपसभापति रिखबचंद खटोड़, पूर्व प्रधान गणपतसिंह रावत, सुभाष राठी और सहप्रभारी विष्णु चैलानी समेत कई कार्यकर्ता मौजूद रहे। पुष्पा बल्दुआ ने निर्धारित प्रक्रिया पूरी करने के बाद रिटर्निंग अधिकारी जयपालसिंह राठौड़ को अपना नामांकन पत्र सौंपा।
कांग्रेस खेमे से कैलाश गहलोत ने भरा पर्चा
दूसरी ओर, कांग्रेस पार्टी की तरफ से वार्ड 55 के पार्षद कैलाश गहलोत ने अपना नामांकन पत्र प्रस्तुत किया। हालांकि, पार्टी संगठन की ओर से अब तक किसी के नाम की आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है, लेकिन गहलोत के पर्चा भरने के बाद कांग्रेस का रुख स्पष्ट हो गया है।
नामांकन के दौरान कांग्रेस नेता पारस पंच, ब्लॉक अध्यक्ष अजय शर्मा, खनन प्रकोष्ठ प्रदेशाध्यक्ष आशिषपाल पदावत, पार्षद भरत बाघमार, दलपतराज मेवाड़ा, एडवोकेट रामस्वरूप सेवलिया, पूर्व पार्षद राजेंद्र तुनगरिया, अजमत काठात, सुलक्ष्णा शर्मा और मुकेश लक्खन सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
आगे का चुनावी कार्यक्रम
निर्वाचन विभाग की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार, अब चुनाव प्रक्रिया के अगले चरण पूरे किए जाएंगे।
- 17 सितंबर: नामांकन पत्रों की संवीक्षा (स्क्रूटनी) की जाएगी।
- 18 सितंबर: दोपहर 3 बजे तक अभ्यर्थिता वापस ली जा सकेगी। इसी दिन चुनाव चिन्हों का आवंटन होगा।
- 21 सितंबर: सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक मतदान कराया जाएगा। मतदान समाप्त होने के तुरंत बाद मतगणना शुरू होगी।
