छिंदवाड़ा शहर में अनंत चतुर्दशी के मौके पर गणेश प्रतिमाओं के विसर्जन का सिलसिला पूरे उत्साह के साथ संपन्न हुआ। रविवार को शहर के बड़े पंडालों में विराजित गणेश प्रतिमाओं का भव्य विसर्जन जुलूस निकाला गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। इस दौरान शहर के प्रमुख मार्गों से गुज़रते हुए जुलूस विसर्जन स्थल छोटा तालाब पहुंचा।
प्रेस कार्यालय के सामने हुआ भव्य मिलन
जुलूस के दौरान शहर के प्रेस कार्यालय के सामने एक खास आकर्षण देखने को मिला। यहां लालबाग के बादशाह और मन्नत वाले महाराज की प्रतिमाएं आमने-सामने आईं, जिसे देखने के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जुट गई। दोनों समितियों के सदस्यों ने एक-दूसरे की प्रतिमाओं का पारंपरिक तरीके से स्वागत किया। लालबाग के बादशाह समिति के सदस्यों ने मन्नत वाले महाराज का अभिनंदन किया, तो वहीं दूसरी तरफ मन्नत वाले महाराज समिति की ओर से भी लालबाग के बादशाह का स्वागत किया गया।
मार्ग में जगह-जगह शहरवासियों ने पुष्प वर्षा कर जुलूस का स्वागत किया। इस दौरान 'गणपति बप्पा मोरया' के जयकारों से पूरा शहर भक्तिमय नजर आया।
विधि-विधान के साथ छोटा तालाब पर विसर्जन
विभिन्न मार्गों से होता हुआ यह भव्य जुलूस तय समय पर विसर्जन स्थल छोटा तालाब पहुंचा। तालाब के तट पर पुजारियों और श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से आरती की और इसके बाद प्रसाद का वितरण किया गया। अनुष्ठान पूरा होने के बाद नम आंखों और भारी उत्साह के साथ भगवान गणेश की प्रतिमाओं को जल में विसर्जित किया गया।
पंडित गंगा प्रसाद तिवारी के मुताबिक, शहर में गणेशोत्सव के दौरान परंपरा और धार्मिक आस्था का यह संगम वर्षों से चला आ रहा है, जिसमें हर वर्ग के लोग बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते हैं।
