मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शुक्रवार को छिंदवाड़ा प्रवास के दौरान प्रदेशव्यापी जन विश्वास अभियान का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने आमजन से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं तथा संबंधित अधिकारियों को त्वरित निराकरण के निर्देश दिए।मुख्यमंत्री ने जनसुनवाई के दौरान प्राप्त शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए प्रशासनिक लापरवाही पर सख्त रुख अपनाया। उन्होंने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) नरेश गुन्नाडे सहित एक तहसीलदार एवं एक पटवारी के निलंबन के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री की इस कार्रवाई को सुशासन और जवाबदेही की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।दौरे के दौरान मुख्यमंत्री ने मीडिया प्रतिनिधियों एवं उद्योग जगत से जुड़े लोगों के साथ संवाद किया। उन्होंने जिले में औद्योगिक विकास, निवेश की संभावनाओं और रोजगार सृजन के विभिन्न विषयों पर चर्चा की। इस अवसर पर एफडीडीआई में पदोन्नति प्राप्त अधिकारी-कर्मचारियों का सम्मान भी किया गया।मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने आईटीआई पहुंचकर विद्यार्थियों से भी सीधा संवाद किया। उन्होंने छात्रों की समस्याएं एवं सुझाव सुने तथा उनके समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने युवाओं को कौशल विकास और रोजगारोन्मुखी शिक्षा के महत्व से भी अवगत कराया।छिंदवाड़ा दौरे के दौरान मुख्यमंत्री का आमजन से सीधा संवाद, समस्याओं के त्वरित निराकरण के निर्देश और लापरवाह अधिकारियों के विरुद्ध की गई कार्रवाई पूरे जिले में चर्चा का विषय बनी रही। जन विश्वास अभियान के माध्यम से शासन और जनता के बीच विश्वास को और अधिक मजबूत करने का प्रयास किया जा रहा है।