दिल्ली में Gen-Z छात्र आंदोलन की गूंज अब शहडोल में भी दिखाई देने लगी है। यहां अपने हक और मूलभूत सुविधाओं की मांग को लेकर आदिवासी छात्राएं सड़क पर उतर आईं, शहडोल जिले के बुढार विकासखंड स्थित माता शबरी आवासीय कन्या शिक्षा परिसर की दर्जनों छात्राएं बिजली, पानी और अन्य सुविधाओं की मांग को लेकर करीब 30 किलोमीटर पैदल कलेक्टर से मिलने निकल पड़ीं। सूचना मिलते ही प्रशासन हरकत में आया और बीच रास्ते में छात्राओं को रोककर उनकी समस्याएं सुनीं...जिले के बुढार विकासखंड के ग्राम  कटकोना स्थित माता शबरी आवासीय कन्या शिक्षा परिसर की छात्राओं का कहना था कि छात्रावास में लंबे समय से बिजली, पानी सहित कई मूलभूत समस्याएं बनी हुई हैं। बार-बार शिकायत के बाद भी समाधान नहीं होने पर उन्होंने कलेक्ट्रेट तक पैदल मार्च का फैसला लिया, जिला पंचायत सीईओ और जनजातीय कार्य विभाग के अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर छात्राओं से चर्चा की और जल्द समाधान का आश्वासन दिया, जिसके बाद छात्राएं वापस लौट गईं, हालांकि इस घटना ने छात्रावास की सुरक्षा व्यवस्था और प्रशासनिक निगरानी पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।