स्मार्टफोन के डिब्बों से चार्जर गायब होने के बाद से ही बाजार में नए एडेप्टर की तलाश बढ़ गई है। ऑनलाइन शॉपिंग या मार्केट में इन दिनों नॉर्मल सिलिकॉन एडेप्टर के साथ गैलियम नाइट्राइड तकनीक वाले GaN चार्जर भी खूब चर्चा में हैं। कीमत थोड़ी ज्यादा होने की वजह से कई लोग इसे सिर्फ एक मार्केटिंग पैंतरा मान लेते हैं, लेकिन चार्जिंग तकनीक की दुनिया में इसे एक बड़ा अपग्रेड माना जा रहा है।
पारंपरिक सिलिकॉन चार्जर के मुकाबले यह तकनीक अलग तरह से काम करती है। अगर आप अपने महंगे स्मार्टफोन, टैबलेट या लैपटॉप की बैटरी को सुरक्षित रखते हुए सुपरफास्ट चार्जिंग का फायदा उठाना चाहते हैं, तो GaN तकनीक के बारे में जानना जरूरी है।
क्या होती है GaN टेक्नोलॉजी?
घरों में इस्तेमाल होने वाले नॉर्मल चार्जर में बिजली के प्रवाह को नियंत्रित करने के लिए सिलिकॉन का उपयोग किया जाता है। हालांकि, फास्ट चार्जिंग के दौर में जब ज्यादा पावर सप्लाई की जाती है, तो सिलिकॉन जल्दी गर्म होने लगता है। इसी सीमा को पार करने के लिए GaN यानी गैलियम नाइट्राइड (Gallium Nitride) का इस्तेमाल किया जा रहा है।
यह एक क्रिस्टल जैसा सेमीकंडक्टर मटेरियल है जो सिलिकॉन की तुलना में कई गुना अधिक वोल्टेज और करंट को आसानी से सहन कर सकता है। इसमें बिजली का प्रवाह बेहद तीव्र गति से होता है, जिससे एनर्जी की बर्बादी न के बराबर होती है। यही वजह है कि जहां साधारण सिलिकॉन चार्जर को ठंडा रखने के लिए बड़े आकार के पुर्जों और वेंटिलेशन की जरूरत होती है, वहीं GaN चार्जर बेहद कम जगह में आ जाते हैं।
आकार में छोटे और वजन में हल्के
GaN चार्जर का सबसे बड़ा फायदा इसका कॉम्पैक्ट साइज है। गैलियम नाइट्राइड के पुर्जों को एक-दूसरे के काफी करीब फिट किया जा सकता है, जिससे 65W या 100W क्षमता वाला पावरफुल GaN चार्जर भी पुराने 20W के सामान्य एडेप्टर जितना छोटा हो जाता है। वजन में हल्के होने के कारण ये जेब या यात्रा के दौरान बैग में आसानी से फिट हो जाते हैं।
साधारण फास्ट चार्जर से डिवाइस चार्ज करते समय एडेप्टर का गर्म होना आम है, जबकि GaN चार्जर में थर्मल इफिशिएंसी बेहतर होने के कारण हीट कम पैदा होती है। कम तापमान पर काम करने की वजह से यह गैजेट्स की बैटरी को भी अधिक गर्म होने से बचाता है।
इसके अलावा, इन एडेप्टर में एक साथ दो या तीन USB Type-C और Type-A पोर्ट्स मिलते हैं। यात्रा के दौरान अलग-अलग गैजेट्स के लिए कई चार्जर ले जाने के बजाय एक ही मल्टी-पोर्ट GaN चार्जर से फोन, टैबलेट, स्मार्टवॉच, ईयरबड्स और लैपटॉप तक चार्ज किए जा सकते हैं।
सुरक्षा और स्मार्ट पावर डिस्ट्रीब्यूशन
सुरक्षा के लिहाज से GaN चार्जर में ओवर-वोल्टेज, शॉर्ट सर्किट और तापमान नियंत्रण के लिए एडवांस चिपसेट लगे होते हैं। यह तकनीक खुद समझ जाती है कि कनेक्टेड डिवाइस को कितनी पावर की आवश्यकता है।
उदाहरण के लिए, यदि आप 100W के GaN चार्जर से कोई छोटा ब्लूटूथ ईयरफोन चार्ज करते हैं, तो यह एडेप्टर डिवाइस की क्षमता के अनुसार उतनी ही हल्की पावर सप्लाई करेगा, जिससे बैटरी लाइफ को कोई नुकसान नहीं पहुंचेगा।
आपके लिए कौन सा चार्जर सही है?
साधारण एडेप्टर के मुकाबले GaN चार्जर की शुरुआती कीमत ज्यादा होती है। यदि आपके पास कोई बेसिक स्मार्टफोन है जो केवल 15W या 18W की चार्जिंग को सपोर्ट करता है, तो आपके लिए एक साधारण चार्जर ही पर्याप्त है।
लेकिन अगर आपके पास फास्ट चार्जिंग वाला महंगा स्मार्टफोन, टैबलेट या लैपटॉप है, तो एक अच्छी क्वालिटी का GaN चार्जर खरीदना लंबे समय में एक बेहतर और सुरक्षित निवेश साबित हो सकता है।
