जैसलमेर के इंदिरा गांधी नहर परियोजना क्षेत्र में सिंचाई सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने बाबा रामदेव सब ब्रांच पर प्रस्तावित एस्केप चैनल के निर्माण के लिए 785.87 हेक्टेयर भूमि के आवंटन को मंजूरी दे दी है।
इस प्रशासनिक स्वीकृति से पश्चिमी राजस्थान के नहरी तंत्र में पानी के बेहतर प्रबंधन और सुदृढ़ीकरण का रास्ता साफ हो गया है। नहर के इस हिस्से में एस्केप चैनल बनने से नहरी पानी की निकासी और वितरण प्रणाली अधिक सुचारू हो सकेगी।
किसानों को कैसे मिलेगा लाभ
प्रस्तावित एस्केप चैनल के निर्माण से क्षेत्र के किसानों को सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी उपलब्ध हो सकेगा। सरकार के मुताबिक, इस बुनियादी ढांचे के तैयार होने से पश्चिमी राजस्थान के कृषि क्षेत्र को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय किसानों की आजीविका मजबूत होगी।
राज्य सरकार लंबे समय से पश्चिमी राजस्थान के नहरी क्षेत्रों में कृषि और सिंचाई सुविधाओं के विस्तार को प्राथमिकता देती रही है। इसी नीति के तहत जैसलमेर जिले में भूमि आवंटन की फाइल को अंतिम रूप दिया गया है।
