खंडवा विधानसभा के जावर उद्वहन सिंचाई योजना का लाभ किसानों तक नहीं पहुंचने पर विधायक प्रतिनिधि मुकेश तनवे ने कड़ा रुख अपनाया है। क्षेत्र के 10 से अधिक गांवों के किसानों की पानी से जुड़ी समस्याओं को लेकर उन्होंने कलेक्टर से मुलाकात की, जिसके बाद प्रशासन ने तत्काल अधिकारियों की टीम मौके पर भेजकर निराकरण शुरू कर दिया है।
खेतों में पहुंचे अधिकारी, मौके पर बनी रणनीति
जावर, पिपलिया, फूल, कावेश्वर, भकराड़ा, पीपलकोटा, माथनी, सुरगांव बंजारी और डोंगरी सहित आसपास के ग्रामीण इलाकों के किसानों ने पानी की किल्लत की शिकायत स्थानीय स्तर पर की थी। इसके बाद विधायक प्रतिनिधि मुकेश तनवे किसानों को लेकर कलेक्ट्रेट पहुंचे और बैठक के दौरान सिंचाई योजना के क्रियान्वयन में आ रही बाधाओं को सामने रखा।
कलेक्टर ने मामले की गंभीरता को देखते हुए अपर कलेक्टर (ADM) और अनुविभागीय अधिकारी (SDM) को तत्काल संबंधित गांवों में पहुंचकर जमीनी निरीक्षण करने के निर्देश दिए।
मौके पर जाकर परखी गई पाइपलाइन
अधिकारियों के साथ विधायक प्रतिनिधि मुकेश तनवे खुद भी प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचे और खेतों का मुआयना किया। इस दौरान पाइपलाइन बिछाए जाने के काम और पानी सप्लाई की स्थिति का जायजा लिया गया।
निरीक्षण के बाद अधिकारियों को साफ निर्देश दिए गए हैं कि जब तक हर खेत तक पानी पहुंचना सुनिश्चित नहीं हो जाता, तब तक मैदानी अमला नियमित रूप से व्यवस्थाओं पर नजर रखेगा। साथ ही, किसानों की शिकायतों के स्थायी समाधान के लिए स्थानीय स्तर पर एक समिति का भी गठन किया गया है, ताकि वे लगातार विधायक कार्यालय को अपडेट दे सकें।
"सरकार की इतनी बड़ी सिंचाई योजना तैयार होने के बावजूद यदि किसानों को इसका पूरा लाभ नहीं मिल पा रहा है, तो यह चिंता का विषय है। योजना का वास्तविक उद्देश्य तभी पूरा होगा, जब खेतों तक पानी पहुंचे।" — कंचन तनवे, विधायक, खंडवा
विधायक कंचन तनवे की पहल पर प्रशासन द्वारा त्वरित कार्रवाई किए जाने से किसानों में सिंचाई का पानी मिलने की उम्मीद जगी है।
