भारत समेत दुनियाभर में माइक्रोसॉफ्ट (Microsoft) की कई प्रमुख डिजिटल सेवाएं अचानक ठप हो गईं, जिससे लाखों यूजर्स को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। आउटलुक (Outlook) और टीम्स (Teams) जैसे प्लेटफॉर्म्स काम करना बंद कर चुके हैं। इस तकनीकी व्यवधान का असर ओपनएआई (OpenAI) और एंथ्रोपिक (Anthropic) की आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस सेवाओं में इस्तेमाल होने वाले कनेक्टर्स पर भी साफ नजर आया।
आउटेज-ट्रैकिंग वेबसाइट ‘डाउनडिटेक्टर डॉट कॉम’ (Downdetector) के आंकड़ों के मुताबिक, अकेले आउटलुक से जुड़ी समस्याओं को लेकर एक लाख से अधिक शिकायतें दर्ज की गईं। व्यवधान के दायरे में केवल संचार और उत्पादकता उपकरण ही नहीं, बल्कि माइक्रोसॉफ्ट का ‘डिफेंडर एक्सडीआर’ सुरक्षा सिस्टम भी इसकी चपेट में आ गया।
सर्वर अचानक ठप होने से आई समस्या
माइक्रोसॉफ्ट ने आधिकारिक बयान में स्पष्ट किया कि यह वैश्विक आउटेज ‘बड़ी संख्या में सर्वरों के अचानक ठप हो जाने’ की वजह से सामने आया। हालांकि, कंपनी ने तकनीकी खामी के सटीक कारणों का अभी तक खुलासा नहीं किया है और आंतरिक जांच जारी है।
माइक्रोसॉफ्ट ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) पर दी गई जानकारी में बताया कि उसके इंफ्रास्ट्रक्चर पर भारी लोड आ गया था। इस दबाव को कम करने के लिए ट्रैफिक को वैश्विक स्तर पर रीडिस्ट्रीब्यूट किया जा रहा है।
सेवाएं बहाल करने के लिए उठाए गए कदम
कंप्यूटर नेटवर्क को सामान्य करने के लिए माइक्रोसॉफ्ट की इंजीनियरिंग टीमें युद्ध स्तर पर जुटी हैं। कंपनी के मुताबिक, सभी नए सॉफ्टवेयर डिप्लॉयमेंट तत्काल प्रभाव से रोक दिए गए हैं। प्रभावित सर्वरों को रीबूट किया जा रहा है और ट्रैफिक को सुरक्षित रास्तों पर डायवर्ट किया जा रहा है।
इससे पहले, कंपनी ने उत्तरी अमेरिका क्षेत्र में माइक्रोसॉफ्ट टीम्स की कनेक्टिविटी बहाल करने का दावा किया था, लेकिन बाद में यह समस्या अन्य क्षेत्रों में माइक्रोसॉफ्ट 365 (Microsoft 365) उपयोगकर्ताओं तक फैल गई। माइक्रोसॉफ्ट अपने एडमिन सेंटर के जरिए यूजर्स को लगातार स्थिति से अवगत करा रहा है।
