नागपुर के बहुचर्चित नाबालिग दुष्कर्म मामले में गिरफ्तार 19 वर्षीय आरोपी निर्भय माधव पाखरे की मुश्किलें और बढ़ गई हैं। पुलिस हिरासत के दौरान उसने सीने में दर्द की शिकायत की, जिसके बाद उसे सरकारी मेडिकल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी लॉकअप में सहयोग नहीं कर रहा है और पिज्जा से लेकर साफ कपड़ों तक की अजीबोगरीब मांगें रख रहा है।
अदालत ने आरोपी को दो दिन की पुलिस हिरासत में भेजा था और गुरुवार को उसकी रिमांड पूरी होनी थी। इससे पहले बुधवार शाम नियमित मेडिकल जांच के लिए उसे अस्पताल ले जाया गया था। जांच के दौरान उसने सीने में बेचैनी और दर्द की शिकायत की, जिसके बाद डॉक्टरों ने एहतियात के तौर पर उसे अस्पताल में भर्ती कर लिया। पुलिस का कहना है कि अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद उसे दोबारा अदालत में पेश कर रिमांड बढ़ाने की मांग की जाएगी।
लॉकअप में अजीब मांगें और पूछताछ से इनकार
पुलिस सूत्रों के अनुसार, लॉकअप में आरोपी का रवैया असहयोगपूर्ण बना हुआ है। हवालात का खाना पसंद न आने पर उसने पुलिसकर्मियों से पिज्जा मंगवाने की मांग की। इसके अलावा, उसने लॉकअप में मच्छर होने की बात कहकर अगरबत्ती लगवाने, शौचालय को अस्वच्छ बताने और पहनने के लिए साफ कपड़े उपलब्ध कराने की जिद भी की। पुलिसकर्मियों के लिए उसकी ये हरकतें हैरान करने वाली रहीं।
मामले की जांच कर रही पुलिस टीम का मुख्य फोकस आरोपी के मोबाइल फोन पर है। गिरफ्तार किए गए इस फोन का पासवर्ड बताने से आरोपी लगातार इनकार कर रहा है। अधिकारियों का मानना है कि इस मोबाइल फोन में कई अहम डिजिटल साक्ष्य और चैट मौजूद हैं, जो इस जघन्य मामले की कड़ियों को जोड़ने में मदद करेंगे।
किराए के कमरे की तलाश और आगे की जांच
डिजिटल डेटा खंगालने के साथ-साथ पुलिस उन ठिकानों की भी पड़ताल कर रही है जहां आरोपी ठहरा था। पुलिस जांच में यह सामने आया है कि आरोपी ने एक ऑनलाइन प्रॉपर्टी सर्विसिंग प्लेटफॉर्म के जरिए दिघोरी इलाके में किराए पर कमरा लिया था। इस संबंध में मकान मालिक से भी पूछताछ की जा रही है ताकि घटनाक्रम से जुड़े अन्य तथ्य सामने आ सके।
फिलहाल आरोपी का इलाज सरकारी अस्पताल में चल रहा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अस्पताल से डिस्चार्ज मिलते ही उसे अदालत के समक्ष पेश किया जाएगा। इसके बाद मोबाइल का पासवर्ड हासिल करने और अन्य सबूत जुटाने के लिए पुलिस रिमांड की अवधि बढ़ाने का अनुरोध किया जाएगा।
