मध्यप्रदेश के नीमच में भ्रष्टाचार के खिलाफ लोकायुक्त उज्जैन की टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। होमगार्ड विभाग के डिस्ट्रिक्ट कमांडेंट युवराज सिंह चौहान को 3 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए उनके ही कार्यालय से रंगे हाथों दबोचा गया। नया गांव स्थित आरटीओ बैरियर पर ड्यूटी लगाने के एवज में यह रकम हर महीने वसूली जा रही थी। शिकायत के सत्यापन के बाद उज्जैन लोकायुक्त ने यह ट्रैप प्लान किया था।
10 नवंबर को दर्ज कराई गई थी शिकायत
नया गांव आरटीओ बैरियर पर अपनी ड्यूटी लगवाने के सिलसिले में होमगार्ड सैनिक महेश थोरचा ने 12 नवंबर की इस कार्रवाई से पहले, 10 नवंबर को उज्जैन लोकायुक्त कार्यालय में लिखित शिकायत दी थी।
शिकायत के मुताबिक, डिस्ट्रिक्ट कमांडेंट युवराज सिंह चौहान कार्यालय में पदस्थ सैनिक बलवंत सिंह के माध्यम से ड्यूटी आवंटन के नाम पर हर महीने 3 हजार रुपए की मांग कर रहे थे। आवेदन मिलने के बाद लोकायुक्त पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार दीक्षित के निर्देश पर निरीक्षक राजेंद्र वर्मा ने गोपनीय तरीके से मामले की सत्यता की जांच की। शुरुआती पड़ताल में मामला सही पाए जाने के बाद ट्रैप की योजना को अंतिम रूप दिया गया।
कोट मोहल्ला कार्यालय में हुई दबिश
गुरुवार, 12 नवंबर को योजना के तहत शिकायतकर्ता महेश थोरचा को 3 हजार रुपए की तयशुदा रिश्वत राशि के साथ कोट मोहल्ला स्थित होमगार्ड कार्यालय भेजा गया।
जैसे ही डिस्ट्रिक्ट कमांडेंट युवराज सिंह चौहान ने अपने कक्ष में रिश्वत की रकम अपने हाथ में ली, पहले से सतर्क लोकायुक्त टीम ने वहां दबिश दी और उन्हें रंगे हाथों पकड़ लिया। मौके पर टीम ने भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत कानूनी प्रक्रिया पूरी की।
बलवंत सिंह की भूमिका की भी पड़ताल
इस पूरी कार्रवाई को लोकायुक्त महानिदेशक योगेश देशमुख, उप पुलिस महानिरीक्षक मनोज कुमार सिंह और एसपी विनोद कुमार दीक्षित के मार्गदर्शन में अंजाम दिया गया है।
कार्रवाई के दायरे में अब कार्यालय के दूसरे कर्मचारियों के नाम भी आ रहे हैं। इस पूरे प्रकरण में होमगार्ड सैनिक बलवंत सिंह की संलिप्तता की भी जांच की जा रही है। लोकायुक्त टीम यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि ड्यूटी रोस्टर में फेरबदल और मनचाही पोस्टिंग के एवज में यह अवैध वसूली का नेटवर्क कब से चल रहा था।
