राजस्थान के किशनगढ़ एयरपोर्ट से हवाई कनेक्टिविटी को बड़ा विस्तार होने वाला है। इंडिगो एयरलाइंस 1 जुलाई से दिल्ली और 2 जुलाई से नोएडा के लिए नियमित सीधी उड़ान सेवा शुरू करने जा रही है। एयरलाइन ने दोनों रूटों पर ऑनलाइन टिकट बुकिंग भी शुरू हो गयी है। नई उड़ानों के शुरू होने से अजमेर संभाग, मार्बल उद्योग और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (NCR) के बीच संपर्क और मजबूत हो जायेगा। इससे व्यापार, पर्यटन, शिक्षा, चिकित्सा और धार्मिक यात्राओं को भी सीधा लाभ मिलने की उम्मीद है.... लंबे समय से क्षेत्र के लोग इन उड़ानों की मांग कर रहे थे, जिसे अब पूरा किया जा रहा है। एयरलाइन और एयरपोर्ट प्रशासन ने नई सेवाओं के संचालन के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं। नई समय-सारिणी के मुताबिक दिल्ली-किशनगढ़-दिल्ली सेक्टर पर सप्ताह में चार दिन—सोमवार, बुधवार, शुक्रवार और रविवार—उड़ान संचालित की जाएगी। निर्धारित समय के अनुसार विमान दोपहर 2:35 बजे किशनगढ़ एयरपोर्ट पहुंचेगा और दोपहर 3 बजे दिल्ली के लिए रवाना होगा, जिससे यात्रियों को राजधानी तक तेज और सुविधाजनक यात्रा का लाभ मिल सकेगा वहीं 2 जुलाई से शुरू होने वाली जेवर (नोएडा) फ्लाइट से पश्चिमी उत्तर प्रदेश और एनसीआर क्षेत्र तक पहुंच भी पहले की तुलना में काफी आसान होने वाली है कि इन नई उड़ानों से पर्यटन, निवेश और औद्योगिक गतिविधियों को भी नई गति मिलेगी। भविष्य में यदि मुंबई, अहमदाबाद और अन्य प्रमुख शहरों के लिए भी सीधी उड़ानें शुरू होती हैं, तो किशनगढ़ एयरपोर्ट राजस्थान के प्रमुख क्षेत्रीय एयर हब के रूप में उभरता हुआ नजर आएगा और पूरे अजमेर संभाग के आर्थिक विकास को नई रफ्तार मिलने की उम्मीद है।
