मादक पदार्थों की तस्करी के लिए तस्करों ने नित नए तरीके निकालने शुरू कर दिए हैं। केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो (सीबीएन) की मध्यप्रदेश इकाई ने हाल ही में ऐसे ही मामलों का खुलासा करते हुए नीमच और मंदसौर जिलों में तीन अलग-अलग जगहों पर दबिश दी। इस दौरान तस्करों के कब्जे से कुल 2774.650 किलोग्राम डोडाचूरा बरामद किया गया, जिसे छिपाने के लिए कंटेनर में चने के छिलकों का इस्तेमाल किया जा रहा था तो कहीं गाड़ियों पर फर्जी नंबर प्लेट लगाई गई थीं।
एनडीपीएस एक्ट 1985 के तहत की गई इन कार्रवाईयों में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। साथ ही तस्करी में इस्तेमाल किए जा रहे पांच वाहनों को भी जब्त किया गया है। सीबीएन के अधिकारियों के मुताबिक, पकड़ी गई इस पूरी खेप की सप्लाई अलग-अलग इलाकों में की जानी थी।
कंटेनर में चने के छिलकों के नीचे छिपाया था 2308 किलो डोडाचूरा
सीबीएन की सबसे बड़ी कार्रवाई 27 अक्टूबर को मुंबई-दिल्ली एक्सप्रेसवे पर सीतामऊ के पास अंजाम दी गई। अधिकारियों को खुफिया सूचना मिली थी, जिसके आधार पर राजस्थान नंबर के एक संदिग्ध कंटेनर ट्रक को रोका गया। जब वाहन की तलाशी ली गई, तो ऊपर की तरफ चने के छिलकों से भरी 598 बोरियां रखी हुई थीं।
इन बोरियों को हटाने पर नीचे 115 अन्य कट्टों में छिपाकर रखा गया भारी मात्रा में डोडाचूरा मिला। अधिकारियों के अनुसार, इस खेप का कुल वजन 2308 किलोग्राम निकला। प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि चने के छिलकों की आड़ में ले जाया जा रहा यह अवैध माल पंजाब भेजा जा रहा था। इस मामले में एक आरोपी को हिरासत में लेकर ट्रक जब्त कर लिया गया है।
ईशाकपुर में फर्जी नंबर प्लेट वाली पिकअप और बोलेरो से जब्ती
दूसरी कार्रवाई मंदसौर जिले के ग्राम ईशाकपुर में 28 और 29 अक्टूबर की दरमियानी रात की गई। सीबीएन की संयुक्त टीम ने मुखबिर की सूचना पर फर्जी नंबर प्लेट लगाकर घूम रही एक महिंद्रा पिकअप और एक महिंद्रा बोलेरो को घेराबंदी कर दबोचा।
कार्रवाई के दौरान एक आरोपी मौके पर ही पकड़ा गया, जबकि दूसरा संदिग्ध अंधेरे का फायदा उठाकर बोलेरो छोड़कर भाग निकलने में कामयाब रहा। दोनों वाहनों की सघन तलाशी में प्लास्टिक के 22 कट्टों से कुल 416.560 किलोग्राम डोडाचूरा बरामद हुआ, जिनमें 17 कट्टे पिकअप से और 5 कट्टे बोलेरो से मिले।
आगे चल रही बाइक, पीछे कार में हो रही थी तस्करी
तीसरी कार्रवाई भी 28 अक्टूबर को फतेहगढ़-नायकखेड़ा-पिपलियामंडी मार्ग पर हुई। सीबीएन को सूचना मिली थी कि तस्कर एस्कॉर्ट सिस्टम का इस्तेमाल कर रहे हैं, जिसमें एक मोटरसाइकिल आगे-आगे चलकर रास्ता दिखा रही है और उसके पीछे चल रही कार में डोडाचूरा भरा हुआ है।
अधिकारियों ने घेराबंदी कर मध्यप्रदेश नंबर की एक हुंडई ग्रैंड आई10 कार और एक टीवीएस मोटरसाइकिल को रोका। कार की डिग्गी और सीटों की तलाशी लेने पर दो बोरियों में 50.090 किलोग्राम डोडाचूरा मिला। यह खेप फतेहगढ़ फंटा से पिपलियामंडी की ओर ले जाई जा रही थी, जिस सिलसिले में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
सीबीएन अधिकारियों ने बताया कि इन तीनों मामलों में कुल 2774.650 किलो डोडाचूरा जब्त किया गया है। मामले में गिरफ्तार किए गए चारों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है, ताकि इस अवैध नेटवर्क के अन्य सरगनाओं तक भी पहुंचा जा सके।
