NEET पेपर लीक विरोध प्रदर्शन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ अभद्र भाषा का इस्तेमाल करने वाली 15 वर्षीय लड़की को पीएम मोदी द्वारा माफ किए जाने के बाद उसकी मां ने भावुक होकर प्रधानमंत्री का आभार जताया है। लड़की की मां ने हाथ जोड़कर कहा कि प्रधानमंत्री के इस फैसले से उनकी बेटी को सुधारने का एक मौका मिला है और उसे एक तरह से नया जीवन मिला है। उन्होंने कहा कि बेटी के जन्मदिन पर पीएम मोदी की माफी उसके लिए सबसे बड़ा तोहफा है। हालांकि, मामले में कानूनी प्रक्रिया अभी जारी है। प्रदर्शन के बाद दर्ज शिकायत को दिल्ली के संसद मार्ग थाने में ट्रांसफर किया गया है। मां का आरोप है कि एफआईआर में उनकी नाबालिग बेटी की उम्र गलत तरीके से 25 साल दर्ज की गई, जबकि उसकी उम्र 15 वर्ष है। उन्होंने सरकार से अपील की है कि बेटी के भविष्य को देखते हुए केस वापस लिया जाए। इसके साथ ही उन्होंने 20 साल से कम उम्र के बच्चों के लिए इंस्टाग्राम और फेसबुक जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर प्रतिबंध लगाने की मांग भी उठाई। उनका कहना है कि बच्चों को राजनीतिक प्रदर्शनों से दूर रखना चाहिए, क्योंकि कई बार उनका इस्तेमाल गलत उद्देश्यों के लिए किया जाता है। वहीं, CJP संस्थापक अभिजीत दीपके ने पीएम मोदी के माफी वाले वीडियो पर सवाल उठाते हुए पूछा कि क्या यह माफी सिर्फ सोशल मीडिया तक सीमित है या फिर नाबालिग के खिलाफ दर्ज पुलिस केस भी वापस लिया जाएगा।