जैसीनगर थाना क्षेत्र के ग्राम बेरखेड़ी गुसाईं में अवैध शराब की बिक्री से परेशान ग्रामीणों ने शनिवार को थाने का घेराव किया। दोपहर करीब दो बजे बड़ी संख्या में ग्रामीण थाने पहुंचे और जमकर नारेबाजी की। ग्रामीणों का आरोप है कि पिछले एक साल से गांव में अवैध शराब का कारोबार धड़ल्ले से चल रहा है, जिसके चलते आए दिन हंगामा और गाली-गलौज की स्थिति बनती है।
ग्रामीणों ने थाना प्रभारी को ज्ञापन सौंपकर इस अवैध कारोबार पर तत्काल रोक लगाने की मांग की है। थाने पहुंचे लोगों ने पुलिस को बताया कि शराबी प्रवृत्ति के लोगों के कारण गांव का माहौल खराब हो रहा है और महिलाओं व बच्चों का निकलना भी मुश्किल हो गया है।
पुलिस का आश्वासन और ग्रामीणों की मांग
थाना प्रभारी जेपी ठाकुर ने ग्रामीणों की शिकायत सुनने के बाद कार्रवाई का भरोसा दिया है। उन्होंने कहा- "पुलिस लगातार अवैध शराब के खिलाफ अभियान चला रही है और बेरखेड़ी गुसाईं में भी पहले कार्रवाई की गई है।"
पुलिस ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे इस अवैध कारोबार पर लगाम लगाने में प्रशासन का सहयोग करें। अधिकारियों का कहना है कि जहां भी अवैध शराब की बिक्री की सूचना मिलती है, उस पर तुरंत दबिश दी जाएगी।
