मध्य प्रदेश के सागर जिले में अवैध विस्फोटक सामग्री की बड़ी खेप पकड़ी गई है। बहेरिया थाना क्षेत्र के मझगुंवा गांव में पुलिस ने दबिश देकर ब्लास्टिंग में इस्तेमाल होने वाले इमल्शन एक्सप्लोसिव की 30 से 35 पेटियां जब्त की हैं। आरोपी इस खतरनाक सामग्री को एक बाड़े में भूसे के अंदर छिपाकर रखे हुए थे।
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए मौके पर बम डिस्पोजल स्क्वॉड (BDS) की टीम को बुलाया गया है, जो विस्फोटक की सुरक्षा और तकनीकी जांच में जुटी है।
भूसे के ढेर के नीचे चल रहा था अवैध भंडारण
पुलिस के मुताबिक, मझगुंवा निवासी दुलीचंद पटेल के ठिकाने पर अवैध विस्फोटक छिपाए जाने की पुख्ता सूचना मिली थी। इसी इनपुट के आधार पर बहेरिया थाना पुलिस ने अचानक मौके पर दबिश दी।
तलाशी के दौरान जब भूसे को हटाया गया, तो उसके अंदर छिपाकर रखी गई विस्फोटक सामग्री का पूरा जखीरा सामने आ गया। पुलिस ने अलग-अलग कंपनियों के इमल्शन एक्सप्लोसिव की 30 से अधिक पेटियों के साथ ब्लास्टिंग में काम आने वाली अन्य सहायक सामग्री भी बरामद की है।
खनन और पहाड़ों में होता है इस्तेमाल
यह इमल्शन एक्सप्लोसिव मुख्य रूप से स्टोन क्रशर, खनन और पहाड़ों की कटाई के दौरान ब्लास्टिंग के लिए उपयोग किया जाता है। बिना किसी वैध लाइसेंस या प्रशासनिक अनुमति के इतनी बड़ी मात्रा में विस्फोटक का भंडारण अपने आप में एक बड़ा सुरक्षा जोखिम है।
मकरोनिया के सीएसपी राहुल कटरे ने बताया कि पुलिस और प्रशासनिक अमले की कार्रवाई फिलहाल जारी है। जब्त की गई सामग्री का कुल वजन और उसकी वास्तविक मात्रा का आधिकारिक आकलन अभी किया जा रहा है।
नेटवर्क खंगालने में जुटी पुलिस
प्रशासन अब इस बात की तह तक जाने की कोशिश कर रहा है कि यह विस्फोटक सामग्री कहां से लाई गई थी और इसे किन इलाकों या किन लोगों को सप्लाई किया जाना था। इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य चेहरों की भी पहचान की जा रही है। BDS की टीम की शुरुआती रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई तय होगी।
