मध्य प्रदेश के सागर जिले के कर्रापुर स्थित शासकीय कन्या हाई स्कूल में सुरक्षा और प्रशासनिक लापरवाही की एक तस्वीर सामने आई है। स्कूल की कक्षाओं के भीतर आवारा कुत्तों का जमावड़ा लगा रहता है, जो क्लासरूम में बेधड़क घूम रहे हैं और छात्राओं के साथ बकायदा बेंचों पर बैठे नजर आ रहे हैं। इस गंभीर स्थिति के बाद भी स्कूल प्रबंधन और प्राचार्य का रवैया उदासीन बना हुआ है, जिससे छात्राओं की सुरक्षा खतरे में पड़ गई है।
बाउंड्री वॉल न होने से कक्षाओं तक पहुँच रहे कुत्ते
शासकीय कन्या हाई स्कूल कर्रापुर में बाउंड्री वॉल या सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम न होने के कारण रोज बड़ी संख्या में आवारा कुत्ते सीधे कक्षाओं के भीतर दाखिल हो जाते हैं। कई बार ये कुत्ते आक्रामक होकर छात्राओं पर झपट पड़ते हैं, जिससे क्लास में पढ़ने वाली बालिकाओं में लगातार डर का माहौल बना हुआ है। अभिभावकों का कहना है कि वे हर रोज अपनी बेटियों को भारी दहशत के साए में स्कूल भेजने को मजबूर हैं।
अव्यवस्था की यह स्थिति तब है, जब प्रदेश सरकार बेटियों की शिक्षा और सुरक्षा को लेकर बड़े-बड़े दावे करती है। एक सरकारी कन्या स्कूल में इस तरह की लापरवाही और अधिकारियों की अनदेखी किसी बड़ी अनहोनी को खुला आमंत्रण दे रही है।
बार-बार शिकायत के बावजूद प्रबंधन मौन
इस संवेदनशील मामले में सबसे हैरानी की बात स्कूल प्रबंधन और प्राचार्य की प्रतिक्रिया रही है। पालकों और स्थानीय लोगों का आरोप है कि बार-बार शिकायत किए जाने के बाद भी प्रबंधन ने इस खतरे को गंभीरता से नहीं लिया है।
तस्वीरें और जानकारी सामने आने के बाद स्थानीय नागरिकों, समाजसेवियों और अभिभावकों में भारी आक्रोश है। लोगों ने जिला शिक्षा अधिकारी और सागर कलेक्टर से मांग की है कि इस गंभीर लापरवाही के लिए स्कूल प्रबंधन और प्राचार्य पर तत्काल सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि छात्राओं के लिए भयमुक्त और सुरक्षित माहौल सुनिश्चित किया सके।
