नीमच शहर के ऐतिहासिक खेल मैदान को बचाने की मांग शनिवार को उस समय चर्चा का विषय बन गई, जब मैदान बचाओ समिति के बैनर तले खिलाड़ी, खेल प्रेमी और नागरिक शहर के व्यस्त और भीड़ भाड़ वाले इलाके भारत माता चौराहा (फोर जीरो) पर सड़क पर ही क्रिकेट और फुटबॉल खेलना प्रारंभ कर दिया अपनी बात रखने का या अनोखा प्रदर्शन देखकर आने जाने वाले राहगीर और आसपास के लोग देखकर आश्चर्य चकित रह गए भरे बाजार के बीच हुए इस अनोखे प्रदर्शन को देखने के लिए आने जाने वाले राहगीर और आसपास के लोग कुछ देर नजारा देखने के लिए रुक गए।खेल मैदान बचाओ समिति का कहना था कि यह केवल प्रतीकात्मक प्रदर्शन है। इसके माध्यम से शासन-प्रशासन और जनप्रतिनिधियों और आम नागरिकों को यह संदेश दिया गया है कि यदि खेल मैदानों पर निर्माण कार्य होता रहा तो भविष्य में बच्चों और खिलाड़ियों को मजबूर होकर सड़कों पर ही खेलना पड़ेगा। खिलाड़ियों ने कहा कि खेल मैदान केवल जमीन का एक टुकड़ा नहीं, बल्कि शहर के हजारों युवाओं के सपनों स्वास्थ्य और खेल प्रतिभाओं का आधार है।प्रदर्शन के दौरान समिति ने स्पष्ट किया कि उनका विरोध सान्दीपनि हायर सेकेंडरी स्कूल के निर्माण को लेकर बिल्कुल भी नहीं है विकास भी होना चाहिए क्षेत्र के विकास के लिए स्कूल का बना भी अत्यंत आवश्यक है शासन प्रशासन स्कूल की भूमि के लिए अन्य वैकल्पिक व्यवस्था कर सकता है इसके लिए खेल मैदान को खत्म करना सही नहीं है। उनका कहना है कि शिक्षा और खेल दोनों ही समाज के लिए समान रूप से महत्वपूर्ण हैं। इसलिए स्कूल भवन का निर्माण किसी उपयुक्त वैकल्पिक भूमि पर किया जाए, जबकि वर्तमान खेल मैदान को खिलाड़ियों, विद्यार्थियों और आम नागरिकों के लिए सुरक्षित रखा जाए।समिति के सदस्यों ने बताया कि यह मैदान वर्षों से क्रिकेट, फुटबॉल, एथलेटिक्स सहित विभिन्न खेल गतिविधियों का प्रमुख केंद्र रहा है। प्रतिदिन बड़ी संख्या में खिलाड़ी यहां अभ्यास करते हैं। यदि इस मैदान पर निर्माण होता है तो शहर के हजारों खिलाड़ियों के पास अभ्यास और प्रतियोगिताओं की तैयारी के लिए उपयुक्त स्थान नहीं बचेगा।प्रदर्शन के दौरान खिलाड़ियों ने सड़क पर क्रिकेट और फुटबॉल खेलकर यह संदेश दिया कि आज उनका यह कदम केवल प्रतीकात्मक है, लेकिन यदि समय रहते खेल मैदानों को नहीं बचाया गया तो आने वाले वर्षों में बच्चों और खिलाड़ियों के लिए सड़कें ही खेल का मैदान बन जाएंगी। समिति ने शहरवासियों से इस जनहित अभियान में जुड़ने की अपील करते हुए कहा कि यह आंदोलन किसी व्यक्ति या संस्था के खिलाफ नहीं, बल्कि शहर की आने वाली पीढ़ियों के खेल, स्वास्थ्य और उज्ज्वल भविष्य को सुरक्षित रखने के लिए चलाया जा रहा है।प्रदर्शन में मैदान बचाओ समिति के पदाधिकारी, खिलाड़ी, खेल प्रेमी एवं बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे। सभी ने एक स्वर में खेल मैदान को सुरक्षित रखते हुए संदीपनी हायर सेकेंडरी स्कूल के लिए वैकल्पिक भूमि उपलब्ध कराने की मांग दोहराई।
नीमच के ऐतिहासिक खेल मैदान को बचाने की मांग तेज
मध्य प्रदेश
