अभिनेता सुदेश बेरी ने एक इंटरव्यू में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर दिए गए अपने बयान से राजनीतिक और सोशल मीडिया हलकों में नई बहस छेड़ दी है। बेरी ने प्रधानमंत्री की खुलकर प्रशंसा करते हुए उन्हें भगवान विष्णु का अवतार बताया और कहा कि यदि उन्हें कभी अवसर मिला तो वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के चरण धोकर उनका जल भी पीना चाहेंगे। उन्होंने कहा कि वह मोदी को एक राजनेता के रूप में नहीं, बल्कि एक ऐसे व्यक्ति के रूप में सम्मान देते हैं, जो देश के लिए समर्पित होकर काम कर रहे हैं।

इंटरव्यू के दौरान सुदेश बेरी ने कहा कि जैसे लोग भगवान को देखे बिना उनकी पूजा करते हैं, उसी तरह वह भी प्रधानमंत्री मोदी का सम्मान करते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि इसमें उन्हें कुछ भी गलत नहीं लगता और यह उनकी व्यक्तिगत भावना है। बेरी ने कहा कि यदि कभी उनसे मिलने का मौका मिला तो वह अपनी इस इच्छा को जरूर पूरा करना चाहेंगे।

इस दौरान उन्होंने जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रही CJP पर भी तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि केवल विरोध-प्रदर्शन करने से देश आगे नहीं बढ़ेगा, बल्कि लोगों को समाज सेवा, बच्चों के लिए पार्क, बुजुर्गों के लिए ओल्ड एज होम और जरूरतमंदों के इलाज जैसे कार्यों पर ध्यान देना चाहिए। उन्होंने पार्टी के नाम पर भी तंज कसते हुए कई टिप्पणियां कीं।

वही सुदेश बेरी ने आगे दावा किया कि उनके अनुसार देश में 'रामराज्य' आ चुका है। उन्होंने कहा कि यह एक ऐसी भावना है जिसे हर व्यक्ति महसूस नहीं कर सकता। बातचीत के दौरान उन्होंने गृह मंत्री अमित शाह, राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का भी जिक्र करते हुए कहा कि ये सभी देशहित में काम कर रहे हैं और इनके खिलाफ बिना वजह टिप्पणी करना उचित नहीं है। अभिनेता का यह बयान सामने आने के बाद सोशल मीडिया और राजनीतिक गलियारों में इसकी व्यापक चर्चा हो रही है।