छिंदवाड़ा। मंगलवार सुबह छिंदवाड़ा एयर स्ट्रिप पर एक बड़ा हादसा उस समय टल गया, जब पूर्व सांसद नकुलनाथ और मध्य प्रदेश कांग्रेस प्रभारी हरीश चौधरी को भोपाल ले जाने वाले विमान में उड़ान से पहले तकनीकी खराबी सामने आ गई। इंजन स्टार्ट होने के बाद समस्या के संकेत मिलते ही पायलट ने सतर्कता दिखाते हुए विमान की उड़ान रोक दी।जानकारी के अनुसार, भोपाल में आयोजित कांग्रेस की महत्वपूर्ण बैठक में शामिल होने के लिए नकुलनाथ और हरीश चौधरी छिंदवाड़ा एयर स्ट्रिप पहुंचे थे। दोनों नेता विमान में सवार हो चुके थे और विमान उड़ान भरने की तैयारी में था। इसी दौरान इंजन में तकनीकी गड़बड़ी के संकेत मिलने पर पायलट ने तत्काल विमान को रनवे पर ही रोक दिया।तकनीकी खराबी का पता चलते ही विमान में मौजूद सभी यात्रियों और स्टाफ को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया। इसके बाद विमान की तकनीकी जांच शुरू कर दी गई। समय रहते समस्या का पता चल जाने से संभावित गंभीर दुर्घटना टल गई।विमान की उड़ान रद्द होने के बाद कांग्रेस प्रभारी हरीश चौधरी सड़क मार्ग से भोपाल के लिए रवाना हुए, जबकि पूर्व सांसद नकुलनाथ नागपुर के लिए प्रस्थान कर गए। विमान के इंजन में आई तकनीकी खराबी के कारणों का अभी तक आधिकारिक खुलासा नहीं किया गया है। विशेषज्ञों की टीम द्वारा जांच की जा रही है।घटना के बाद नकुलनाथ ने सोशल मीडिया पर अपने भोपाल दौरे के रद्द होने की जानकारी साझा करते हुए बताया कि तकनीकी खराबी के कारण वे कार्यक्रम में शामिल नहीं हो सके। उन्होंने कार्यक्रम में उपस्थित नहीं हो पाने पर खेद व्यक्त किया और जल्द ही लोगों के बीच पहुंचने की बात कही।फिलहाल विमान की तकनीकी जांच जारी है। राहत की बात यह रही कि पायलट की सतर्कता और समय पर लिए गए निर्णय से विमान में सवार सभी लोग पूरी तरह सुरक्षित हैं तथा एक संभावित बड़ा हादसा टल गया।
उड़ान से पहले ही थम गए पंख!
मध्य प्रदेश
