जयपुर के सिविल लाइंस आवास पर मंगलवार को पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने सर्व ब्राह्मण महासभा महिला प्रकोष्ठ द्वारा आयोजित होने वाले 'ब्रह्म शक्ति डांडिया महोत्सव' के आधिकारिक पोस्टर का विमोचन किया। इस दौरान महिला प्रकोष्ठ की पदाधिकारियों ने राजे को आगामी 10 अक्टूबर को होने वाले इस सांस्कृतिक कार्यक्रम में शामिल होने का औपचारिक निमंत्रण भी दिया।
एमआई रोड स्थित चैंबर भवन में आगामी 10 अक्टूबर को इस गरबा महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। सर्व ब्राह्मण महासभा महिला प्रकोष्ठ की जयपुर जिला अध्यक्षा ममता शर्मा ने बताया कि कार्यक्रम की शुरुआत माता की महाआरती के साथ होगी, जिसके बाद महिलाएं पारंपरिक गीतों पर गरबा और डांडिया रास करेंगी।
10 दिवसीय गरबा वर्कशॉप और विशेष आकर्षण
महोत्सव से पहले महिला प्रकोष्ठ की ओर से 10 दिवसीय विशेष गरबा वर्कशॉप का आयोजन किया जाएगा। इस वर्कशॉप में प्रशिक्षित ट्रेनर द्वारा प्रतिभागी महिलाओं को गरबा के पारंपरिक स्टेप्स और डांस की बारीकियां सिखाई जाएंगी ताकि वे मुख्य आयोजन में बेहतर प्रदर्शन कर सकें।
गरबा महोत्सव के दौरान विभिन्न फूड स्टॉल्स भी मुख्य आकर्षण का केंद्र रहेंगी। इसके अलावा, कार्यक्रम में हिस्सा लेने वाली महिलाओं और प्रतिभागियों के लिए ऑन-स्पॉट प्राइज भी रखे गए हैं, जिससे आयोजन के दौरान उत्साहपूर्ण माहौल रहेगा।
पोस्टर विमोचन के दौरान रहीं मौजूद पदाधिकारी
पोस्टर विमोचन और निमंत्रण के इस कार्यक्रम में महिला प्रकोष्ठ की जयपुर जिला अध्यक्षा ममता शर्मा के साथ सौम्यता शर्मा, नीलम शर्मा और अन्य प्रमुख पदाधिकारी भी उपस्थित रहीं।
