जयपुर नगर निगम चुनाव में जीत दर्ज करने वाले भाजपा पार्षदों और प्रत्याशियों के साथ मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने रविवार को मुख्यमंत्री निवास पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम 'मन की बात' का 138वां एपिसोड सुना। इस दौरान सीएम ने पार्षदों से अपने-अपने वार्डों में विकास कार्यों की रूपरेखा तैयार करने और जनता से लगातार संपर्क बनाए रखने की बात कही।
मुख्यमंत्री निवास पर आयोजित इस कार्यक्रम में जयपुर नगर निगम के महापौर सुनील कोठारी, उप महापौर सरोज कंवर, प्रदेश महामंत्री श्रवण बगड़ी, शहर जिलाध्यक्ष अमित गोयल समेत पार्टी के कई पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष और सभी नवनिर्वाचित पार्षद व प्रत्याशी मौजूद रहे।
'डबल इंजन' के साथ जुड़ा निकायों का तीसरा इंजन
पार्षदों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि देश प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में निरंतर आगे बढ़ रहा है और उनके 'विकसित भारत' के संकल्प को पूरा करने में राज्य सरकार पूरी प्रतिबद्धता से जुटी है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में विधानसभा के बाद अब स्थानीय निकायों के रूप में विकास का तीसरा इंजन भी जुड़ चुका है, जिससे योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम छोर पर बैठे व्यक्ति तक पहुंचेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हाल ही में संपन्न हुए नगर निकाय चुनावों में पार्टी को मिली बड़ी जीत कार्यकर्ताओं के दम पर हासिल हुई है। उन्होंने कहा कि चुनाव में कार्यकर्ताओं को तरजीह दी गई, जिसके सकारात्मक परिणाम सामने आए। सरकार ने 'वन स्टेट-वन इलेक्शन' के अपने वादे को अमलीजामा पहनाया है, जिससे प्रदेश में लोकतांत्रिक प्रक्रिया और अधिक मजबूत हुई है।
वार्ड स्तर पर विकास की रूपरेखा बनाने के निर्देश
सीएम भजनलाल शर्मा ने पार्षदों को निर्देश दिए कि वे जयपुर शहर को विकास के मामले में नई ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए अपने-अपने वार्ड में ठोस कार्ययोजना तैयार करें। उन्होंने पार्षदों से कहा कि वे अपनी कार्यशैली को ऐसा बनाएं जिससे हर घर तक सीधा जुड़ाव हो सके और वे आम जनता के सुख-दुख में हमेशा साथ खड़े नजर आएं।
बैठक के दौरान आगामी राजनीतिक गतिविधियों की रूपरेखा भी साझा की गई। मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि निकाय चुनावों में हिस्सा लेने वाले सभी पार्टी प्रत्याशियों को आगामी पंचायतराज चुनावों में भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपी जाएंगी, ताकि संगठन के जमीनी अनुभव का पूरा लाभ मिल सके।
