नवसृजित पीसांगन नगरपालिका के पहले अध्यक्ष पद के चुनाव में भाजपा ने बाजी मार ली है। भाजपा प्रत्याशी लोकेश लंबा ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी को 7 मतों से हराकर चेयरमैन पद पर कब्जा जमाया है। इस जीत के साथ ही पीसांगन नगरपालिका में राजनीतिक रूप से भाजपा का बोर्ड तय हो गया है।
निर्वाचन अधिकारी मोहन चौधरी के मुताबिक, अध्यक्ष पद के लिए हुए मतदान में भाजपा प्रत्याशी लोकेश लंबा को कुल 16 वोट मिले, जबकि कांग्रेस के मनोहरलाल साहू को 9 मतों से संतोष करना पड़ा। चुनाव प्रक्रिया के दौरान कुल 25 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया और जांच के बाद सभी मत वैध पाए गए।
निर्दलीय प्रत्याशी के समर्थन से मजबूत हुई स्थिति
चुनाव से ठीक पहले समीकरण उस वक्त भाजपा के पक्ष में झुक गए जब निर्दलीय प्रत्याशी ईश्वरलाल कुमावत ने मैदान से हटते हुए भाजपा प्रत्याशी लोकेश लंबा को अपना समर्थन दे दिया। इस समर्थन के चलते निर्दलीय प्रत्याशी और नोटा के खाते में एक भी वोट नहीं गया, जिससे जीत का अंतर और स्पष्ट हो गया।
परिणाम घोषित होने के बाद निर्वाचन अधिकारी मोहन चौधरी ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष लोकेश लंबा को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। शपथ ग्रहण के बाद समर्थकों ने जश्न मनाया और विधायक रामस्वरूप लांबा को कंधों पर उठाकर अपनी खुशी का इजहार किया।
जीत के बाद क्या बोले लोकेश लंबा?
जीत दर्ज करने के बाद नवनिर्वाचित चेयरमैन लोकेश लंबा ने पार्टी कार्यकर्ताओं और स्थानीय ग्रामीणों का आभार जताया। उन्होंने अपने दिवंगत पिता और पीसांगन के पूर्व सरपंच रामचंद्र लंबा को याद करते हुए कहा कि आज वे जिस मुकाम पर हैं, वह उन्हीं के संस्कारों और आशीर्वाद का परिणाम है।
लोकेश लंबा ने अपने संबोधन में कस्बे के विकास को प्राथमिकता बताते हुए कहा कि केंद्र सरकार के स्वच्छ भारत मिशन के विजन को पीसांगन में पूरी तरह धरातल पर उतारा जाएगा।
चाक-चौबंद रही सुरक्षा व्यवस्था
चुनाव परिणाम और जश्न के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आया। पीसांगन डीएसपी नीरज जैन, अजमेर ग्रामीण डीएसपी शमशेर खान, पीसांगन थानाधिकारी पारुल यादव और मांगलियावास थानाधिकारी हरीश चौधरी जाप्ते के साथ मौके पर मौजूद रहे और स्थिति पर लगातार नजर बनाए रखी। इस दौरान विधायक रामस्वरूप लांबा, भाजपा चुनाव प्रभारी शक्तिसिंह रावत समेत कई स्थानीय नेता और ग्रामीण मौजूद रहे जिन्होंने नवनिर्वाचित अध्यक्ष का साफा पहनाकर स्वागत किया।
