शिव विधायक रविंद्र सिंह भाटी ने सोमवार को ईडब्ल्यूएस (EWS) सरलीकरण अभियान यात्रा के तहत सुमेरपुर और तखतगढ़ क्षेत्र का दौरा किया। तखतगढ़ के जालोर चौराहे पर दो जेसीबी मशीनों के जरिए गुलाब के फूलों की बारिश कर उनका भव्य स्वागत किया गया। इस दौरान राजपूत समाज समेत विभिन्न वर्गों के लोगों ने बढ़-चढ़कर अपनी मौजूदगी दर्ज कराई और भाटी को ऊंट पर बैठाकर सम्मानित किया।
तखतगढ़ में रोड शो और सभा
तखतगढ़ रोड स्थित राजपूत समाज भवन में आयोजित सभा को संबोधित करते हुए विधायक भाटी ने ईडब्ल्यूएस के नियमों में सरलीकरण की मांग को लेकर कड़ा संघर्ष करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि यह मुद्दा आने वाली पीढ़ियों के भविष्य से जुड़ा है और सरकार तथा जनप्रतिनिधियों को उनके पुराने वादे याद दिलाना बेहद जरूरी है।
सभा के बाद नीलकंठ महादेव मंदिर से एक रोड शो निकाला गया, जिसमें बड़ी संख्या में युवा शामिल हुए। बांकली और खिंवादी गांवों में भी ग्रामीणों ने जगह-जगह स्वागत द्वार सजाकर भाटी का अभिनंदन किया।
सुरक्षा व्यवस्था और चोरियों की वारदात
इस पूरे दौरे के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आया। सुमेरपुर में सदर थाना अधिकारी भगाराम मीणा के नेतृत्व में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया था ताकि भीड़भाड़ वाले कार्यक्रमों में कोई अव्यवस्था न हो।
हालांकि, भारी भीड़ के बीच तखतगढ़ में आयोजित कार्यक्रमों के दौरान कुछ लोगों के मोबाइल फोन और नकदी चोरी होने की घटनाएं भी सामने आईं, जिनकी पुलिस स्तर पर सुगबुगाहट रही।
