मुंबई में आयोजित 14वें द्विवार्षिक अंतर्राष्ट्रीय सम्मेलन एवं प्रदर्शनी 'इंडिया केम-2026' के उद्घाटन सत्र में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शामिल हुए। तीन दिनों तक चलने वाले इस वैश्विक सम्मेलन में रसायन और पेट्रोकेमिकल उद्योग से जुड़े नीति निर्माता, निवेशक और उद्योगपति हिस्सा ले रहे हैं।
भारत सरकार के रसायन एवं उर्वरक मंत्रालय और फेडरेशन ऑफ इंडियन चैंबर्स ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (फिक्की) के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस मंच पर ओडिशा, गुजरात और महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री भी मौजूद रहे।
मध्य प्रदेश में निवेश संभावनाओं पर जोर
सम्मेलन के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने राज्य में पेट्रोकेमिकल और रसायन सेक्टर से जुड़ी संभावनाओं, औद्योगिक अधोसंरचना और नई नीतियों का ब्योरा उद्योगपतियों के सामने रखा। इस तीन दिवसीय आयोजन में वैश्विक निवेश संवाद के अलावा तकनीकी विकास और औद्योगिक विस्तार पर मंथन चल रहा है।
पहले दिन उद्घाटन सत्र के बाद प्रदर्शनी का अवलोकन किया गया, जिसमें मुख्य कार्यपालक अधिकारियों का फोरम और कारोबारी नेटवर्किंग के कार्यक्रम शामिल रहे। कार्यक्रम के दौरान इस सेक्टर में उत्कृष्ट कार्य करने वाले उद्योगों को सम्मानित भी किया गया।
अंतरराष्ट्रीय फोरम और कारोबारी सत्र
सम्मेलन में विभिन्न देशों के साथ कारोबारी रिश्तों को मजबूत करने के लिए विशेष सत्र रखे गए हैं। इनमें भारत-अमेरिका, भारत-जापान और भारत-यूरोपीय संघ के रसायन एवं पेट्रोकेमिकल फोरम आयोजित किए जा रहे हैं। इन सत्रों का उद्देश्य अलग-अलग देशों के उद्योग प्रतिनिधियों के बीच व्यापारिक सहयोग और निवेश के नए रास्ते तलाशना है।
