विमेंस टी-20 वर्ल्ड कप में गुरुवार को भारत और बांग्लादेश के बीच मैनचेस्टर में रोमांचक मुकाबला खेला जाएगा। यह मैच दोनों टीमों के लिए सेमीफाइनल की उम्मीदों के लिहाज से काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। ग्रुप-ए में भारत, साउथ अफ्रीका और बांग्लादेश के 3-3 मैचों में 4-4 अंक हैं, ऐसे में अंतिम चार में जगह बनाने के लिए जीत जरूरी हो गई है। टूर्नामेंट के इतिहास में बांग्लादेश अब तक भारत को नहीं हरा पाया है। आपको बता दे दोनों टीमें वर्ल्ड कप में तीन बार आमने-सामने आ चुकी हैं और हर बार भारतीय टीम ने जीत दर्ज की है। वहीं टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में भी भारत का दबदबा साफ दिखाई देता है, जहां 23 मुकाबलों में भारत ने 20 मैच जीते हैं जबकि बांग्लादेश को सिर्फ 3 जीत ही मिल पायी हैं। भारतीय टीम की बल्लेबाजी की जिम्मेदारी एक बार फिर स्टार ओपनर स्मृति मंधाना के कंधों पर होने वाली है जिन्होंने इस टूर्नामेंट में अब तक 3 मैचों में 159 रन बनाए हैं और उनका स्ट्राइक रेट 154.36 रहा है। गेंदबाजी में श्री चरणी शानदार फॉर्म में हैं और 3 मैचों में 10 विकेट लेकर टूर्नामेंट की सबसे सफल गेंदबाज बनी हुई हैं। इसके अलावा जेमिमा रोड्रिग्स पर भी सभी की नजरें रहेंगी, जो अब तक बड़ी पारी नहीं खेल पायी हैं, लेकिन बांग्लादेश के स्पिन आक्रमण के खिलाफ उनका रिकॉर्ड शानदार रहा है। भारतीय टीम इस महत्वपूर्ण मुकाबले में प्लेइंग-11 में बदलाव करते हुए प्रेमा रावत की जगह राधा यादव को मौका दे सकती है। भारतीय टीम जीत के साथ सेमीफाइनल की ओर मजबूत कदम बढ़ाने के इरादे से मैदान में उतरने वाली है...
