मंदसौर के अनुयोग हॉस्पिटल में इलाज के दौरान एक मरीज की मौत के बाद अस्पताल की कार्यप्रणाली पर फिर से गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। गोपाल सिंह राजपूत नामक मरीज के परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए मंदसौर तहसीलदार को शिकायत आवेदन सौंपा है और पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
13 अक्टूबर से चल रहा था इलाज
परिजनों द्वारा दिए गए शिकायती आवेदन के मुताबिक, गोपाल सिंह राजपूत का इलाज 31 अक्टूबर तक इसी अस्पताल में चल रहा था। वे 13 अक्टूबर से अस्पताल में भर्ती थे। परिजनों का कहना है कि लंबे समय तक चले उपचार के बावजूद मरीज की हालत में सुधार नहीं हुआ और अंततः 31 अक्टूबर को उनकी मौत हो गई। मौत के बाद परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है।
पहले भी लग चुके हैं गंभीर आरोप
अनुयोग हॉस्पिटल का विवादों से पुराना नाता रहा है। इससे पहले भी इस अस्पताल की कार्यप्रणाली और इलाज के तौर-तरीकों को लेकर कई शिकायतें सामने आ चुकी हैं। स्थानीय लोगों और पीड़ित परिवारों द्वारा पहले भी कई बार अस्पताल पर गंभीर सवाल उठाए गए हैं, लेकिन अब तक प्रशासनिक स्तर पर कोई ठोस कार्रवाई सामने नहीं आई है।
अस्पताल संचालक ने प्रतिक्रिया देने से किया इनकार
इस पूरे मामले पर अस्पताल का पक्ष जानने के लिए मीडिया ने संचालक योगेंद्र कोठारी से संपर्क करने की कोशिश की। फोन पर बातचीत के दौरान उन्होंने इस विषय पर कुछ भी कहने से इनकार कर दिया और कहा कि वे फिलहाल शहर से बाहर हैं।
मामले में परिजनों और पुलिस के स्तर पर आगे की जांच और प्रशासनिक रुख का इंतज़ार है।
