अजमेर जिले की नसीराबाद नगर पालिका में हाल ही में निर्वाचित उपाध्यक्ष धनराज मेहरा और पार्षदों ने बुधवार को पालिका कार्यालय पहुंचकर आधिकारिक रूप से पदभार ग्रहण कर लिया। इस दौरान अधिशासी अधिकारी हेमेंद्र सिंह ने नवनियुक्त उपाध्यक्ष को साफा बंधवाकर और माला पहनाकर पद की शपथ और कार्यभार सौंपा।
पदभार ग्रहण समारोह के बाद नगर पालिका कार्यालय में स्थानीय विकास और आगामी प्राथमिकताओं को लेकर एक संक्षिप्त बैठक हुई। इस अवसर पर नगर कांग्रेस अध्यक्ष योगेश परिहार सहित हंसराज, प्रियंका मेघवंशी, रितिका शेखावत, राजेश कुमार शर्मा, रमेश चंद, ऋतुका सोनी, इस्माइल और सोनू कंवर समेत कई कांग्रेसी कार्यकर्ता और स्थानीय लोग मौजूद रहे।
प्राथमिकता और पहली बोर्ड बैठक की मांग
कारभार संभालने के तुरंत बाद आयोजित चर्चा में नसीराबाद नगर पालिका चुनाव के कांग्रेस प्रभारी अजय गौड़, अध्यक्ष योगेश परिहार और उपाध्यक्ष धनराज मेहरा ने क्षेत्र के विकास, जनसमस्याओं के त्वरित निस्तारण और आम नागरिकों को बेहतर नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराने को अपनी पहली प्राथमिकता बताया।
इस दौरान उपस्थित पार्षदों ने नगर पालिका की बोर्ड बैठक जल्द से जल्द बुलाने की मांग रखी। पार्षदों का कहना था कि बैठक शीघ्र होने पर वार्डों से जुड़ी जल निकासी, सड़क, सफाई और अन्य अटके विकास कार्यों पर चर्चा कर समयबद्ध तरीके से आवश्यक निर्णय लिए जा सकेेंगे।
विकास कार्यों को गति देने का ऐलान
नवनियुक्त उपाध्यक्ष धनराज मेहरा ने पदभार ग्रहण करने के बाद मीडिया और कार्यकर्ताओं से बातचीत में कहा कि नगर के सभी वार्डों का समान विकास उनकी मुख्य प्राथमिकता रहेगी।
उपाध्यक्ष मेहरा ने कहा- "सभी पार्षदों को साथ लेकर चलेंगे और नसीराबाद की जनता को बुनियादी सुविधाएं मुहैया कराने के लिए पूरी पारदर्शिता के साथ काम किया जाएगा।"
