मध्यप्रदेश में साइबर अपराधों के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए "सेफ क्लिक 2.0" अभियान की शुरुआत की गई है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा भोपाल में अभियान का शुभारंभ किए जाने के बाद बुरहानपुर पुलिस ने भी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर नागरिकों को साइबर सुरक्षा के प्रति सतर्क रहने का संदेश दिया।भोपाल के रवींद्र भवन में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाणा ने "सेफ क्लिक 2.0 – सुरक्षित क्लिक, सुरक्षित जीवन" अभियान का शुभारंभ किया। इसी क्रम में बुरहानपुर में पुलिस अधीक्षक आशुतोष बागरी के निर्देशन में गोविंदजीवाला ऑटो टर्मिनल पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में आमजन को साइबर फ्रॉड, ऑनलाइन ठगी और डिजिटल अपराधों से बचाव के उपाय बताए गए। पुलिस अधिकारियों ने सुरक्षित इंटरनेट उपयोग, संदिग्ध लिंक से बचने और किसी भी साइबर अपराध की स्थिति में तत्काल शिकायत दर्ज कराने की जानकारी दी। अभियान का उद्देश्य नागरिकों को डिजिटल दुनिया में सतर्क और सुरक्षित बनाना है,"सेफ क्लिक 2.0 अभियान के माध्यम से हम आमजन को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक कर रहे हैं। हमारी अपील है कि किसी भी अज्ञात लिंक पर क्लिक न करें, अपनी बैंकिंग या ओटीपी संबंधी जानकारी किसी से साझा न करें और किसी भी प्रकार की साइबर ठगी होने पर तत्काल 1930 हेल्पलाइन या नजदीकी पुलिस थाने में शिकायत करें।"बुरहानपुर पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे सतर्क रहें, सुरक्षित रहें और डिजिटल माध्यमों का उपयोग पूरी सावधानी के साथ करें, ताकि साइबर अपराधियों के मंसूबों को विफल किया जा सके।
