जयपुर के सोइला स्थित प्राचीन तेजाजी मंदिर में तेजा दशमी के अवसर पर आज यानी 21 सितंबर 2026 को वीर तेजाजी महाराज के भव्य मेले का आयोजन किया जा रहा है। आयोजन को लेकर स्थानीय ग्रामीणों और श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों से सजा अनुष्ठान
मंदिर परिसर में पिछले कई दिनों से धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का सिलसिला जारी है। पुजारी श्री मुलचंद शर्मा के अनुसार, मेले से पहले 16 से 18 सितंबर तक शाम 6 बजे से बिंदौरी डीजे का आयोजन किया गया। इसके बाद 19 सितंबर को शाम 7 बजे से भगताई जागरण और 20 सितंबर को रात 8 बजे से सत्संग जागरण में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।
आज रात मुख्य मेला और दर्शन
मुख्य आयोजन आज रात 8 बजे से शुरू होगा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। धार्मिक अनुष्ठानों के साथ इस दौरान होने वाली रंगारंग प्रस्तुतियां भी मुख्य आकर्षण का केंद्र रहेंगी। आयोजकों ने क्षेत्र के सभी श्रद्धालुओं से परिवार सहित पहुंचकर तेजाजी महाराज के दर्शन करने का आग्रह किया है।
