राजस्थान में मानसून की दस्तक के साथ मौसम ने करवट ले ली है। मौसम विभाग के जयपुर केंद्र ने कई जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। अगले कुछ घंटों में जयपुर, कोटा, बूंदी, बारां, टोंक, सवाई माधोपुर, भरतपुर, धौलपुर, करौली, अलवर, दौसा और बीकानेर में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। साथ ही 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। डीग जिले में कल दोपहर बाद मौसम ने अचानक करवट ली। दोपहर करीब तीन बजे आसमान में घने काले बादल छा गए और तेज हवाओं के साथ धूलभरी आंधी चलने लगी। मौसम में आए इस बदलाव से पिछले कई दिनों से उमस भरी गर्मी से परेशान लोगों को बड़ी राहत मिली। ठंडी हवाओं के चलते तापमान में करीब 5 से 6 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई, जिससे पूरे जिले में मौसम सुहावना हो गया। पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के पूर्वी और पश्चिमी हिस्सों में बादलों की गरज और तेज झोकेदार हवाओं के साथ हल्की से भारी बारिश दर्ज की गई है। हालांकि, राज्य के दक्षिणी हिस्सों में आगामी दिनों में बारिश की गतिविधियों में थोड़ी कमी देखने को मिल सकती है। मौसम में आए इस बदलाव के बाद लोगों को अब मानसून की पहली अच्छी बारिश का इंतजार है। मौसम विभाग के अनुसार आगामी दिनों में जिले में बादल छाए रहने के साथ कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। ऐसे में लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिलने का सिलसिला आगे भी जारी रह सकता है।