ब्यावर में नगर परिषद की ओर से आयोजित तीन दिवसीय तेजा मेले के सांस्कृतिक कार्यक्रम के तहत सोमवार रात सुभाष उद्यान स्थित राठी पवेलियन में भक्ति संध्या का आयोजन किया गया। इस दौरान ख्याति प्राप्त भजन कलाकार गोकुल शर्मा की प्रस्तुतियों ने देर रात तक दर्शकों को मंत्रमुग्ध किए रखा।
गणेश वंदना से हुआ सांस्कृतिक संध्या का आगाज
राठी पवेलियन में रंग-बिरंगी रोशनी के बीच आयोजित इस कार्यक्रम की शुरुआत साथी कलाकार लक्ष्मण शर्मा ने कीर्तन में रंग बरसाओ, गजानन आओ... गणेश वंदना से की। इसके बाद उन्होंने दुनिया में देव हजारों हैं बजरंग बली का क्या कहना... और मेरे झोपड़ी के भाग खुल जाएंगे... जैसे लोकप्रिय भजनों की प्रस्तुतियां दीं, जिन पर दर्शक झूम उठे।
गोकुल शर्मा के तेजाजी भजनों पर झूमे श्रोता
मुख्य कलाकार गोकुल शर्मा ने मंच संभालते ही जय भवानी, ज्वाला, जोगणिया... के साथ भजनों का सिलसिला शुरू किया। इसके बाद उन्होंने जय हो जय हो तेजा थारी... और तेजा जी का दर्शन करबा दुनिया सारी आई... भजन गाकर तेजाजी के दरबार में हाजिरी लगाई।
शर्मा ने इसके बाद सेठों में सेठ मम्हारो सांवरियो सेठ... और भात भरण ने क्यो नी आयो सेठ सांवरिया... जैसे एक से बढ़कर एक मनमोहक भजन प्रस्तुत किए। इन प्रस्तुतियों ने देर रात तक पंडाल में मौजूद श्रोता-भक्तों को भक्ति रस में सराबोर रखा।
प्रशासनिक अधिकारी और गणमान्य नागरिक रहे मौजूद
इस धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजन में स्थानीय प्रशासन के कई वरिष्ठ अधिकारी और शहर के गणमान्य लोग भी मौजूद रहे। कार्यक्रम में जिला कलेक्टर कमलराम मीणा, पुलिस अधीक्षक रतन सिंह राठौड़, उपखंड अधिकारी जयपाल सिंह राठौड़, नगर परिषद आयुक्त कीर्ति कुमावत और तहसीलदार भगवती प्रसाद वैष्णव ने शिरकत की। इसके अलावा आयोजक परिवार से घनश्याम जगवानी और दुर्गादास जगवानी सहित अनेक लोग उपस्थित रहे।
