ब्यावर नगर परिषद क्षेत्र एवं परिसीमन के तहत जुड़े नए ग्रामीण क्षेत्रों में व्याप्त गंभीर जनसमस्याओं के समाधान की मांग को लेकर बुधवार को ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ब्यावर के तत्वावधान में नगर परिषद परिसर के बाहर विशाल जन आक्रोश प्रदर्शन आयोजित किया गया। प्रदर्शन में कांग्रेस पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं बड़ी संख्या में आम नागरिकों ने भाग लेकर नगर परिषद की कार्यप्रणाली के प्रति अपना रोष व्यक्त किया तथा जनहित के मुद्दों पर त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई की मांग की। प्रदर्शन के दौरान उपस्थित सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ताओं एवं नागरिकों के आक्रोश तथा जनभावनाओं को देखते हुए नगर परिषद आयुक्त श्रीमती कीर्ति कुमावत नगर परिषद के प्रशासनिक अधिकारियों के साथ स्वयं धरना स्थल पर पहुंचीं। इस दौरान ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ब्यावर के अध्यक्ष एडवोकेट अजय शर्मा के नेतृत्व में उन्हें एक विस्तृत ज्ञापन सौंपा गया, जिसमें नगर परिषद क्षेत्र की प्रमुख जनसमस्याओं के शीघ्र समाधान हेतु समयबद्ध कार्रवाई की मांग की गई। ज्ञापन में नगर की जर्जर एवं गड्डायुक्त सडक़ें, बदहाल सफाई व्यवस्था, जाम नालियां एवं जलभराव, बंद पड़ी स्ट्रीट लाइटें, आवारा पशुओं की समस्या, सुभाष उद्यान तालाब में फैली जलकुंभी, सीवरेज परियोजना के प्रथम चरण के अधूरे एवं अव्यवस्थित कार्य, सेवाओं में सुधार किए बिना वसूला जा रहा 50 प्रतिमाह कचरा शुल्क, वर्ष 2018 में नियुक्त सफाई कर्मचारियों से उनके मूल पद के अनुरूप कार्य लिए जाने की मांग तथा परिसीमन के तहत जुड़े नए ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत नागरिक सुविधाओं के अभाव जैसे अनेक महत्वपूर्ण विषयों को प्रमुखता से उठाया गया। साथ ही नगर परिषद के सभी विकास कार्यों में पारदर्शिता, जवाबदेही एवं समयबद्ध कार्ययोजना लागू करने की मांग भी की गई। सभा को संबोधित करते हुए ब्लॉक कांग्रेस कमेटी, ब्यावर के अध्यक्ष एडवोकेट अजय शर्मा ने कहा कि कांग्रेस का यह आंदोलन किसी राजनीतिक स्वार्थ से प्रेरित नहीं है, बल्कि ब्यावर की जनता के मूलभूत अधिकारों, नगर के समग्र विकास तथा प्रशासनिक जवाबदेही को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि नगर परिषद की उदासीनता एवं अव्यवस्थित कार्यप्रणाली के कारण आमजन वर्षों से मूलभूत सुविधाओं के लिए संघर्ष कर रहे हैं। नगर की सडक़ें बदहाल हैं, सफाई व्यवस्था चरमराई हुई है, सीवरेज कार्यों ने नागरिकों की परेशानियाँ और बढ़ा दी हैं तथा परिसीमन के तहत जुड़े नए ग्रामीण क्षेत्र आज भी अपेक्षित नागरिक सुविधाओं से वंचित हैं। यदि समय रहते इन समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो जनता का आक्रोश और अधिक व्यापक होगा। धरने को संबोधित करते हुए खनन विभाग प्रदेशाध्यक्ष आशीष पाल पदावत, विधानसभा प्रत्याशी पारस पंच, पूर्व सभापति डॉ. मुकेश मौर्य, मुकेश सोलंकी, पूर्व नेता प्रतिपक्ष दलपत मेवाड़ा, नगर अध्यक्ष भरत बाघमार, पूर्व प्रधान लाल मोहम्ममद, एडवोकेट घनश्याम फुलवारी, मुकेश लखन, जीवराज जावा एवं मेघराज बोहरा ने कहा कि नगर परिषद की कार्यप्रणाली के कारण ब्यावर की जनता मूलभूत नागरिक सुविधाओं से वंचित है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जनता की आवाज बनकर जनसमस्याओं के समाधान तक संघर्ष जारी रखेगी तथा प्रशासन से ज्ञापन में उठाए गए सभी मुद्दों पर शीघ्र एवं प्रभावी कार्रवाई करने की मांग की। प्रदर्शन के दौरान उपस्थित कार्यकर्ताओं एवं नागरिकों ने भी एक स्वर में नगर परिषद प्रशासन से जनहित के मुद्दों पर तत्काल कार्रवाई करने की मांग की तथा चेतावनी दी कि यदि समस्याओं का समयबद्ध समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन को और अधिक व्यापक एवं जनभागीदारी वाला स्वरूप दिया जाएगा। इस अवसर पर जवाजा ब्लॉक अध्यक्ष धरमसिंह भाटी, दिनेश पाल पदावत, अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ जिलाध्यक्ष अजमत काठात, नगर अध्यक्ष भरत बाघमार, पूर्व प्रधान लाल मोहम्मद, बशीर मोहम्मद, पुष्पांजलि पारीक,तथा रोशन काठात सहित सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ताओं एवं नगरवासियों ने अपनी सक्रिय सहभागिता दर्ज कराई। अंत में एडवोकेट अजय शर्मा ने कहा कि ब्लॉक कांग्रेस कमेटी, ब्यावर जनहित के प्रत्येक मुद्दे पर जनता के साथ खड़ी है और नगर के समग्र विकास, पारदर्शी प्रशासन तथा बेहतर नागरिक सुविधाओं के लिए लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक तरीके से अपना संघर्ष निरंतर जारी रखेगी