राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने अपने गृह विधानसभा क्षेत्र सांगानेर को 631 करोड़ रुपये के विकास कार्यों की बड़ी सौगात देते हुए कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। जयपुर के सांगानेर स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने सड़क, फ्लाईओवर, बिजली, पेयजल और ड्रेनेज सिस्टम से जुड़ी विकास योजनाओं का शुभारंभ करते हुए सांगानेर को एक वैश्विक मॉडल क्षेत्र के रूप में विकसित करने का संकल्प दोहराया। उन्होंने कहा कि सांगानेर का इतिहास जयपुर शहर से भी लगभग 200 वर्ष पुराना है और वर्ष 2027 में इसके 500 वर्ष पूरे होने पर भव्य आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने लंबे समय से पट्टों का इंतजार कर रहे 700 परिवारों को मालिकाना हक के दस्तावेज सौंपे, जिनमें जेडीए द्वारा 400 और नगर निगम द्वारा 300 पट्टे वितरित किए गए। इसके अलावा स्वच्छता सिपाहियों को सम्मानित करते हुए उन्हें आर्थिक सहायता के चेक भी प्रदान किए गए। मुख्यमंत्री ने कहा कि जनता के सहयोग से सांगानेर में विकास कार्यों को तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है और क्षेत्र को आधुनिक बुनियादी सुविधाओं से सुसज्जित किया जाएगा। 631 करोड़ रुपये के इस विकास पैकेज के तहत नई सड़कों का निर्माण, सड़क चौड़ीकरण, ट्रैफिक जाम से राहत के लिए फ्लाईओवर, नए बिजली सब-स्टेशन तथा पेयजल आपूर्ति नेटवर्क के विस्तार जैसे कार्य किए जाएंगे। सरकार के अनुसार इन परियोजनाओं के पूरा होने के बाद सांगानेर में यातायात, जल निकासी और बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं में बड़ा सुधार देखने को मिल सकता है...और क्षेत्र के समग्र विकास को नई गति मिलने की उम्मीद है....