कपासन नगर पालिका अध्यक्ष पद के चुनाव में भाजपा ने एक बार फिर बहुमत हासिल कर अपना बोर्ड बना लिया है। मंगलवार को संपन्न हुए चुनाव में भाजपा प्रत्याशी सरोज देवी बारेगामा ने 16 वोट हासिल कर जीत दर्ज की, जबकि कांग्रेस उम्मीदवार उर्मिला मोदी को 9 वोटों से संतोष करना पड़ा। इस जीत के साथ ही निकाय में तीसरी बार भाजपा का बोर्ड स्थापित हुआ है।
चुनाव परिणामों में उलटफेर की मुख्य वजह क्रॉस वोटिंग रही। मतदान के दौरान कांग्रेस के चार पार्षदों ने पाला बदलते हुए भाजपा के पक्ष में वोट किया। इसके अलावा, दो निर्दलीय पार्षदों ने भी भाजपा को समर्थन दिया, जिससे समीकरण पूरी तरह बदल गए और जीत का अंतर बढ़ गया।
जीत के बाद जश्न और शपथ ग्रहण
परिणाम घोषित होते ही पार्टी कार्यालय और मतगणना स्थल के बाहर कार्यकर्ताओं ने आतिशबाजी कर जश्न मनाया। नवनिर्वाचित अध्यक्ष सरोज देवी बारेगाมา का कार्यकर्ताओं ने माला पहनाकर स्वागत किया। इसके बाद रिटर्निंग अधिकारी राजेश सवाल ने नवनिर्वाचित पालिका अध्यक्ष को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई।
इस पूरी चुनावी प्रक्रिया के दौरान स्थानीय विधायक अर्जुन लाल जीनगर और पूर्व भाजपा मंडल अध्यक्ष प्रमोद बारेगामा समेत बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे।
