छिंदवाड़ा
आगामी सितंबर माह में प्रस्तावित छात्र संघ चुनावों को लेकर जिले में राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। जिला कांग्रेस कार्यालय छिंदवाड़ा में एनएसयूआई जिला अध्यक्ष अपेक्षा सूर्यवंशी एवं कांग्रेस प्रवक्ता नितिन उपाध्याय की उपस्थिति में आयोजित प्रेसवार्ता में छात्र संघ चुनाव प्रत्यक्ष प्रणाली से कराने की मांग उठाई गई।
प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए एनएसयूआई पदाधिकारियों ने कहा कि छात्र संघ चुनाव लोकतांत्रिक प्रक्रिया का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं और इन्हें प्रत्यक्ष प्रणाली से कराया जाना चाहिए, ताकि छात्र अपने मताधिकार का स्वतंत्र एवं प्रभावी ढंग से उपयोग कर सकें। संगठन का कहना है कि प्रत्यक्ष चुनाव से विद्यार्थियों को अपने प्रतिनिधियों का सीधे चयन करने का अवसर मिलेगा, जिससे छात्र नेतृत्व मजबूत होगा और छात्र हितों की आवाज प्रभावी ढंग से उठ सकेगी।
एनएसयूआई जिला अध्यक्ष अपेक्षा सूर्यवंशी ने राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि छात्रों के हितों को ध्यान में रखते हुए निष्पक्ष, पारदर्शी एवं लोकतांत्रिक तरीके से छात्र संघ चुनाव कराए जाना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि एनएसयूआई छिंदवाड़ा जिले में पूरी ताकत के साथ छात्र संघ चुनाव में भाग लेगी और छात्रों के अधिकारों के लिए संघर्ष जारी रखेगी।
कांग्रेस प्रवक्ता नितिन उपाध्याय ने भी छात्र संघ चुनाव प्रत्यक्ष प्रणाली से कराने की मांग का समर्थन करते हुए कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए छात्रों को सीधे मतदान का अधिकार मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि छात्र राजनीति लोकतांत्रिक नेतृत्व तैयार करने की पाठशाला है और इसमें छात्रों की सीधी भागीदारी सुनिश्चित की जानी चाहिए।
एनएसयूआई नेताओं ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि सरकार द्वारा छात्र संघ चुनाव अप्रत्यक्ष प्रणाली से कराने का प्रयास किया गया तो संगठन प्रदेशव्यापी आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा, जिसकी समस्त जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।
प्रेसवार्ता में एनएसयूआई एवं कांग्रेस के पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
